scorecardresearch
Monday, 30 March, 2026
होमखेलएशियाई खेलों में पुरुष क्रिकेट का स्वर्ण पदक साझा किया जाना चाहिये था: अफगानिस्तान के गेंदबाज मलिक

एशियाई खेलों में पुरुष क्रिकेट का स्वर्ण पदक साझा किया जाना चाहिये था: अफगानिस्तान के गेंदबाज मलिक

Text Size:

नयी दिल्ली, 10 अक्टूबर (भाषा) अफगानिस्तान के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज फरीद मलिक को इस बात का मलाल है कि हांगझोउ में हुए एशियाई खेलों में भारत के खिलाफ पुरुषों के फाइनल मैच के बारिश के कारण धुलने के बाद उनकी टीम को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

मलिक अफगानिस्तान की टीम के साथ रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर एकदिवसीय विश्व कप के लिए भारत आये हैं।

एशियाई खेलों में क्रिकेट के फाइनल में पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी अफगानिस्तान की टीम ने 18.2 ओवर में पांच विकेट पर 112 रन बनाये थे। इसके बाद लगातार बारिश के कारण ‘झेजियांग यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी‘ क्रिकेट मैदान में खेल नहीं हो सका। बेहतर वरीयता के कारण भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

अफगानिस्तान के लिए 15 एकदिवसीय और 28 टी20 अंतरराष्ट्रीय खेलने वाले मलिक ने एशियाई खेलों में पाकिस्तान के खिलाफ कम स्कोर वाले मैच में टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।

मलिक ने यहां ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘ (हंसते हुए) स्वर्ण पदक को आधा-आधा काट देना चाहिये था। मैच रद्द हो गया था इस लिए स्वर्ण पदक को दोनों टीमों के साथ साझा किया जाना चाहिये था। रैंकिंग के आधार पर खिताब देना आदर्श स्थिति नहीं है। मैच पूरा होता तो मजा आता।’’

मलिक, 2019 विश्व कप में टीम के कप्तान गुलबदीन नायब और शराफुद्दीन अशरफ चीन से एक साथ यहां पहुंचे और विश्व कप में भारत के खिलाफ मैच से पहले मंगलवार को नेट सत्र में भाग लिया।

चीन में क्रिकेट खेलने के बारे में पूछे जाने पर मलिक ने कहा, ‘‘ वहां खेलने में मजा आया। स्थानीय लोगों को क्रिकेट की ज्यादा समझ नहीं है ऐसे में वे आउट होने, चौका-छक्का लगने और डॉट गेंदों पर भी ताली बजाते थे।’’

भाषा   आनन्द सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments