scorecardresearch
Wednesday, 4 February, 2026
होमखेलनिशानेबाजी ट्रायल में मनु, श्रीयांका, गोल्डी जीते

निशानेबाजी ट्रायल में मनु, श्रीयांका, गोल्डी जीते

Text Size:

नयी दिल्ली, 28 जून (भाषा) ओलंपियन मनु भाकर , ओडिशा की श्रीयांका साडंगी और मध्यप्रदेश के गोल्डी गुज्जर ने राष्ट्रीय निशानेबाजी ट्रायल्स (5 और 6) के पांचवें दिन सफलता अर्जित की ।

ये भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) द्वारा अगस्त में बाकू में होने वाली विश्व चैम्पियनशिप और 23 सितंबर से हांगजोऊ में होने वाले एशियाई खेलों के लिए टीम की घोषणा से पहले अंतिम दौर के ट्रायल्स हैं।

इन बड़े टूर्नामेंट के लिए पिस्टल और राइफल निशानेबाजों की संभावित टीम की घोषणा 30 जून तक होने की उम्मीद है। भारतीय ओलंपिक संघ द्वारा सभी राष्ट्रीय खेल महासंघों के लिए खिलाड़ियों की प्रविष्टियां भेजने की अंतिम तारीख है।

दोनों टूर्नामेंट के लिए शॉटगन के लिए संभावित टीम की घोषणा पहले ही की जा चुकी है।

कर्णी सिंह निशानेबाजी रेंज पर हो रहे ट्रायल में मनु ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल टी6 फाइनल में 39 का स्कोर करके जीत दर्ज की । वहीं श्रीयांका ने महिलाओं की दस मीटर एयर राइफल टी6 में बाजी मारी और गोल्डी पुरूषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन टी5 में विजयी रहे ।

मनु ने क्वालीफिकेशन में 591 स्कोर करने के बाद चार परफेक्ट पांच और इतने ही चार स्कोर किया । ओलंपियन राही सरनोबत उनसे दो अंक पीछे रही । महाराष्ट्र की ही अभिंद्या पाटिल तीसरे स्थान पर रही ।

पुरूषों की राइफल थ्री पोजिशन में गोल्डी ने 600 में से 586 स्कोर किया और फिर 454.5 के साथ विजयी रहे । हिमाचल प्रदेश के सूर्य प्रताप सिंह दूसरे और नौसेना के नीरज कुमार तीसरे स्थान पर रहे ।

महिलाओं की दस मीटर एयर राइफल टी6 में ओडिशा की श्रीयांका क्वालीफिकेशन में चौथे स्थान पर थी लेकिन फाइनल में शानदार प्रदर्शन किया । रमिता दूसरे और नैंसी तीसरे स्थान पर रहीं ।

भाषा नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments