scorecardresearch
Friday, 6 March, 2026
होमखेलमनिका बत्रा क्वार्टर फाइनल में; शरत और साथियान एकल स्पर्धा में हारे

मनिका बत्रा क्वार्टर फाइनल में; शरत और साथियान एकल स्पर्धा में हारे

Text Size:

हांगझोउ, 29 सितंबर (भाषा) राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता मनिका बत्रा ने शुक्रवार को यहां एशियाई खेलों की टेबल टेनिस स्पर्धा में महिला एकल क्वार्टर फाइनल में पहुंचकर पदक की उम्मीदें बरकरार रखीं लेकिन शरत कमल और जी साथियान को अंतिम-16 में हार का सामना करना पड़ा।

मनिका ने करीबी मुकाबले में थाईलैंड की सुथासिनी सावेटाबुट को 4-2 (11-7, 6-11, 12-10, 11-13, 12-10, 11-6) से हराकर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।

मनिका 2018 राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता है। उन्होंने इंडोनेशिया में हुए पिछले एशियाई खेलों में मिश्रित युगल में कांस्य पदक जीता था।

वह क्वार्टर फाइनल में विश्व रैंकिंग में तीसरे स्थान पर काबिज चीन की यिदी वांग से भिडेंगी। इन खेलों में यह पदक जीतने का उनका आखिरी मौका होगा।

पुरुष एकल में शरत ने चीन तइपै के चीह-युआन चुआंग को कड़ी टक्कर दी लेकिन उन्हें 4-3 (11-7, 12-10, 9-11, 11-5, 10-12, 6-11, 11-8) से हार का सामना करना पड़ा।

शरत ने शुरुआती दो गेम गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए स्कोर को 3-3 कर दिया लेकिन निर्णायक गेम में पिछड़ गये।

इससे पहले जी साथियान को चीन के चीक्यू वांग के खिलाफ सीधे गेम में 3-11, 3-11, 6-11, 3-11 से शिकस्त मिली।

सुतीर्था मुखर्जी और अयहिका मुखर्जी की महिला युगल जोड़ी थाईलैंड की जिन्निपा और वानविसा पर 11-8, 11-7, 11-4 से जीत के साथ क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं। लेकिन श्रीजा अकुला और दीया चिताले को पांचवीं वरीयता प्राप्त जापानी मिवा हरिमोटो और मियु किहारा ने 11-3, 11-5, 11-8 से हरा दिया।

पुरुषों के अंतिम 16 दौर में मानव विकास ठक्कर और मानुष उत्पलभाई शाह की भारतीय जोड़ी ने इजाक क्वेक योंग और येव एन कोएन पैंग को 3-2 (3-11, 11-9, 11-6, 5-11) से हराया।

मानव और मानुष की जोड़ी का अगला मुकाबला कोरिया के वूजिन जांग और लिम जोंग-हून से होगा।

शरत कमल और जी साथियान की अनुभवी भारतीय जोड़ी  चीन की चुकिन वांग और फैन जेंडोंग की चीन की जोड़ी के खिलाफ 0-3 (5-11, 4-11, 7-11) से हार गई।

भाषा   आनन्द पंत

पंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments