नयी दिल्ली, 31 जुलाई (भाषा) माल्टा 2027 में राष्ट्रमंडल युवा खेलों के आठवें चरण की मेजबानी करेगा जिसमें 74 देशों के 14 से 18 वर्ष के खिलाड़ी आठ खेलों में हिस्सा लेंगे। राष्ट्रमंडल खेलों की संचालन संस्था ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
राष्ट्रमंडल खेलों की संस्था ने हालांकि इनकी तारीखों की घोषणा नहीं की कि लेकिन कहा कि यह 2027 के अंत में आयोजित होंगे।
राष्ट्रमंडल खेल ने विज्ञप्ति में कहा, ‘‘राष्ट्रमंडल खेल को यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि आठवें राष्ट्रमंडल युवा खेल की मेजबानी माल्टा 2027 के अंत में करेगा। माल्टा 2027 में 74 देशों और क्षेत्रों के 14 से 18 वर्ष के लगभग 1150 खिलाड़ियों का स्वागत करेगा। ’’
माल्टा दक्षिणी यूरोप में एक द्वीपीय देश है जो भूमध्य सागर में सिसली और उत्तरी अफ्रीका के बीच स्थित है।
इन खेलों में नौकायन और वाटर पोलो पदार्पण करेंगे। सूची में शामिल अन्य छह खेल एथलेटिक्स और पैरा एथलेटिक्स, नेटबॉल, स्क्वाश, तैराकी और पैरा तैराकी, ट्रायथलॉन और भारोत्तोलन हैं।
भाषा नमिता मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.