नयी दिल्ली, 15 जून (भाषा) मुंबई के पूर्व बल्लेबाज अमोल मजूमदार स्थानीय दावेदार मिलाप मेवाड़ा और कोनोर विलियम्स के साथ बड़ौदा के अगले मुख्य कोच बनने की दौड़ में हैं।
मजूमदार को इसके साथ ही भारतीय महिला क्रिकेट टीम के अगले मुख्य कोच के लिए मजबूत दावेदार माना जा रहा है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड ( बीसीसीआई) जल्द ही पूर्व कोच रमेश पोवार के विकल्प की घोषणा कर सकता है।
बड़ौदा क्रिकेट संघ (बीसीए) के सचिव अजीत लेले ने कहा, ‘‘मजूमदार ने आवेदन किया है। उनके साथ ही मिलाप मेवाड़ा और कोनोर विलियम्स ने भी आवेदन किया है। शीर्ष परिषद अगले सप्ताह अंतिम फैसला करेगी।’’
मजूमदार इससे पहले मुंबई के कोच रह चुके है। वह आईपीएल फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स और दक्षिण अफ्रीका की टीम के भारत दौरे पर सहायक कोच की भूमिका निभा चुके है।
ऑस्ट्रेलिया के डेव वाटमोर पिछले दो सत्र में बड़ौदा के कोच रहे है। उनकी देख रेख में टीम घरेलू टूर्नामेंटों के प्लेऑफ में पहुंचने में नाकाम रही।
भाषा आनन्द मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
