scorecardresearch
Wednesday, 11 March, 2026
होमखेलमहाराष्ट्र विधानसभा ने भारतीय टीम को बधाई दी, फडणवीस ने खिलाड़ियों के अनुशासन की सराहना की

महाराष्ट्र विधानसभा ने भारतीय टीम को बधाई दी, फडणवीस ने खिलाड़ियों के अनुशासन की सराहना की

Text Size:

मुंबई, नौ मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को राज्य विधानसभा में एक प्रस्ताव पेश किया जिसमें भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम को टी20 विश्व कप जीतने पर बधाई दी गई। उन्होंने साथ ही कहा कि यह खिलाड़ियों के अनुशासन और आत्मविश्वास को दर्शाता है।

भारत ने रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब जीता।

फडणवीस ने कहा, ‘‘हम भारतीय टीम में टीमवर्क, अनुशासन और आत्मविश्वास देख सकते थे। आखिरी समय में टीम में आए संजू सैमसन ने पूरे टूर्नामेंट में अपना दबदबा बनाया। मैं टीम को जीत के लिए बधाई देता हूं।’’

उन्होंने कहा कि भारतीय पुरुष टीम लगातार दो और कुल तीन टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बन गई है।

फडणवीस ने क्रिकेटर इशान किशन को निजी त्रासदी के बावजूद प्रतिबद्धता दिखाने के लिए बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैं इशान किशन को बधाई देता हूं जिन्होंने फाइनल मैच से ठीक एक दिन पहले दुर्घटना में अपने करीबी रिश्तेदार को खोने के बावजूद एकाग्रता नहीं गंवाई। मैं उन्हें विशेष रूप से बधाई देता हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव मुंबई से हैं। मैं उन्हें और कोच गौतम गंभीर को इस जीत के लिए बधाई देता हूं।’’

विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने कहा कि सदन की तरफ से भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई संदेश भेजा जाएगा।

भाषा सुधीर मोना

मोना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments