scorecardresearch
Thursday, 5 March, 2026
होमखेलप्राग अंतरराष्ट्रीय शतरंज में माघसूदलू ने गुकेश को ड्रॉ पर रोका

प्राग अंतरराष्ट्रीय शतरंज में माघसूदलू ने गुकेश को ड्रॉ पर रोका

Text Size:

प्राग (चेक गणराज्य) पांच मार्च (भाषा) विश्व चैंपियन डी गुकेश की जीत की तलाश जारी रही जब ईरान के परहम माघसूदलू ने यहां प्राग अंतरराष्ट्रीय शतरंज महोत्सव के मास्टर्स वर्ग के सातवें दौर में भारतीय खिलाड़ी को ड्रॉ पर रोक दिया।

प्रतियोगिता में अब सिर्फ दो दौर बाकी हैं और गुकेश दो अंक के साथ आखिरी स्थान पर हैं।

गुकेश और माघसूदलू 49 चाल के बाद बाजी को ड्रॉ कराने पर सहमत हो गए।

सबसे कम उम्र के विश्व चैंपियन गुकेश ने चार बाजी ड्रॉ खेली जबकि तीन बाजियों में उन्हें शिकस्त का सामना करना पड़ा।

अन्य भारतीयों में गत चैंपियन अरविंद चिदंबरम ने उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक याकूबोव के साथ ड्रॉ खेला और सात बाजियों बाद उनके 3.5 अंक हैं।

सातवें दौर में जीत दर्ज करने वाले एकमात्र खिलाड़ी जर्मनी के विन्सेंट केमर थे जिन्होंने स्पेन के डेविड एंटोन गुइजारो को हराया।

नीदरलैंड के जोर्डन वैन फॉरेस्ट पांच अंक के साथ अपने सबसे करीबी प्रतिस्पर्धियों चेक गणराज्य के डेविड नवारा और उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव पर आधा अंक की बढ़त बनाए हुए हैं।

चैलेंजर्स वर्ग में ग्रैंडमास्टर दिव्या देशमुख ने एक और अच्छा नतीजा हासिल करते हुए डेनमार्क के जोनास बुहल बजेरे को ड्रॉ पर रोका जबकि ग्रैंडमास्टर सूर्य शेखर गांगुली ने आखिरकार चीन के जिनर झू को हराकर अपनी पहली जीत हासिल की।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments