scorecardresearch
Monday, 9 February, 2026
होमखेलकंधा खिसकने के कारण मेडसन का बाकी लीग मैच में खेलना संदिग्ध: इटली के कोच डेविसन ने कहा

कंधा खिसकने के कारण मेडसन का बाकी लीग मैच में खेलना संदिग्ध: इटली के कोच डेविसन ने कहा

Text Size:

कोलकाता, नौ फरवरी (भाषा) इटली के मुख्य कोच जॉन डेविसन ने कहा है कि कप्तान वेन मेडसन का सोमवार को टीम के टी20 विश्व कप पदार्पण मैच में स्कॉटलैंड के खिलाफ 73 रन की हार के दौरान कंधा खिसकने के कारण लीग चरण के बाकी मुकाबलों में खेलना संदिग्ध है।

डेविसन ने कहा कि अनुभवी कप्तान अब भी टीम के साथ यात्रा कर सकते हैं और ‘कोचिंग स्टाफ’ के रूप में डगआउट में शामिल हो सकते हैं।

मेडसन स्कॉटलैंड की पारी के चौथे ओवर में मिडविकेट पर बाउंड्री रोकने के प्रयास में चोटिल हो गए थे। वह सख्त अभ्यास पिच पर गिरे और तुरंत अपना कंधा पकड़ लिया। इसके बाद उन्हें मैदान से बाहर ले जाया गया।

मेडसन बाद में मुकाबले से बाहर हो गए और इटली की टीम 208 रन का पीछा करते हुए 16.4 ओवर में 134 रन पर सिमट गई।

डेविसन ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘उनका कंधा खिसक गया है। फिजियो ने इसे वापस जगह पर कर दिया है लेकिन उन्हें यह देखने के लिए और स्कैन करवाने होंगे कि यह कितना गंभीर है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि उनका खेलना संदिग्ध होगा…. मैं यह नहीं कहूंगा कि वह बाहर हो गए हैं लेकिन मुझे लगता है कि अगर क्रिकेट में आपका कंधा खिसक जाता है तो खेलना संदिग्ध होगा। इससे बाद वापसी काफी मुश्किल होती है लेकिन हम देखेंगे कि स्कैन क्या कहते हैं।’’

डेविसन को उम्मीद है कि मेडसन टीम के साथ बने रहेंगे। इटली बृहस्पतिवार को वानखेड़े स्टेडियम में नेपाल के खिलाफ खेलने मुंबई जाएगा और फिर अपने आखिरी दो लीग मैच में इंग्लैंड (16 फरवरी) और वेस्टइंडीज (19 फरवरी) का सामना करने के लिए कोलकाता लौटेगा।

डेविसन ने कहा, ‘‘वह टीम का अभिन्न हिस्सा हैं। वह बहुत अनुभवी हैं। वह कोचिंग स्टाफ में शामिल हो सकता है।’’

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments