scorecardresearch
Monday, 27 April, 2026
होमखेललंबे समय तक बने रहने वाले रिकॉर्ड की सूची

लंबे समय तक बने रहने वाले रिकॉर्ड की सूची

Text Size:

नयी दिल्ली, 27 अप्रैल (भाषा) कीनिया के सबास्टियन सावे रविवार को लंदन में दो घंटे से कम समय में मैराथन दौड़ पूरी करने वाले इतिहास के पहले खिलाड़ी बन गए। ‘भाषा’ यहां पर ऐसे ही कुछ रिकॉर्ड की सूची दे रहा है जो लंबे समय तक बने रहे।

एथलेटिक्स:

पुरुष मैराथन (42.195 किमी):

कीनिया के सबास्टियन सावे ने 26 अप्रैल, 2026 को लंदन मैराथन में 1:59:30 (एक घंटा, 59 मिनट, 30 सेकंड) के समय के साथ आधिकारिक तौर पर दो घंटे की बाधा पार कर दी। उन्होंने 2023 में कीनिया के केल्विन किप्टम द्वारा बनाए गए 2:00:35 के तीन साल पुराने विश्व रिकॉर्ड को तोड़ा।

छह मई, 1954 को, ब्रिटिश धावक रोजर बैनिस्टर ने ऑक्सफोर्ड में तीन मिनट 59.40 सेकंड के तत्कालीन विश्व रिकॉर्ड समय के साथ चार मिनट से कम समय में एक मील दौड़ने वाले पहले खिलाड़ी बनकर इतिहास रचा। इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने एक ऐसे मनोवैज्ञानिक अवरोध को खत्म कर दिया था जिसे पहले असंभव माना जाता था। हालांकि उनका विश्व रिकॉर्ड केवल 46 दिनों तक ही कायम रहा, क्योंकि 21 जून 1954 को ऑस्ट्रेलिया के जॉन लैंडी ने 3:58:00 के समय के साथ इसे अपने नाम कर दिया था।

भारत के सावन बरवाल ने अप्रैल 2026 में रॉटरडैम में पुरुषों की मैराथन का 48 साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ दिया। उन्होंने दो घंटे, 11 मिनट और 58 सेकंड का समय लिया और शिवनाथ सिंह के 1978 में बनाए गए 2:12:00 के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ा।

पुरुषों की लंबी कूद:

अमेरिकी खिलाड़ी माइक पॉवेल ने 1991 में 8.95 मीटर की छलांग लगाकर 23 साल पुराना विश्व रिकॉर्ड तोड़ा था, जो उनके हमवतन बॉब बीमन के 1968 में बनाए गए 8.90 मीटर के रिकॉर्ड से बेहतर था।

पुरुषों की पोल वॉल्ट:

यूक्रेन के सर्गेई बुबका का 1993 में बनाया गया 6.15 मीटर का आखिरी विश्व रिकॉर्ड 21 साल तक कायम रहा, जिसे फ्रांस के रेनॉड लाविलनी ने 2014 में 6.16 मीटर के साथ तोड़ा। स्वीडन के आर्मंड डुप्लांटिस (6.31 मीटर) 2020 से वर्तमान विश्व रिकॉर्ड धारक हैं।

महिलाओं की 400 मीटर (इनडोर दौड़):

नीदरलैंड की फेमके बोल ने 19 फरवरी, 2023 को 49.26 सेकंड का नया विश्व रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने तब 49.59 सेकंड के 41 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ा था, जिसे 1982 में तत्कालीन चेकोस्लोवाकिया की जारमिला क्राटोचविलोवा ने बनाया था।

महिला मैराथन:

ब्रिटिश धाविका पाउला रेडक्लिफ का 2:15:25 का विश्व रिकॉर्ड 16 साल तक कायम रहा, जिसे 2019 में कीनिया की ब्रिगिड कोसगेई (2:14:04) ने तोड़ा। वर्तमान विश्व रिकॉर्ड 2:09:56 है, जिसे कीनिया की रूथ चेपनगेटिच ने 2024 में बनाया था।

क्रिकेट:

वेस्टइंडीज के महान खिलाड़ी गैरी सोबर्स की 1958 में पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई नाबाद 365 रन की टेस्ट पारी का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड 36 वर्षों तक कायम रहा, जिसे 1994 में उनके हमवतन ब्रायन लारा ने इंग्लैंड के खिलाफ 375 रन बनाकर तोड़ दिया था।

ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू हेडन ने 2003 में 380 रन बनाकर लारा के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया था, लेकिन वेस्टइंडीज के दिग्गज खिलाड़ी ने एक साल बाद 400 रन बनाकर इस उपलब्धि को फिर से हासिल कर लिया था।

बैडमिंटन:

पुलेला गोपीचंद ने 2001 में ऑल इंग्लैंड ओपन का खिताब जीतकर 21 साल के अंतराल के बाद प्रकाश पादुकोण की 1980 की उपलब्धि को दोहराया।

भारतीय पुरुष टीम ने 2022 में टूर्नामेंट के 73 साल के इतिहास में पहली बार थॉमस कप जीता।

अप्रैल 2026 में आयुष शेट्टी बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने वाले दूसरे भारतीय पुरुष एकल खिलाड़ी बने। उनसे पहले 1965 में दिनेश खन्ना ने यह उपलब्धि हासिल की थी। इस तरह से किसी भारतीय खिलाड़ी ने 61 साल बाद यह मुकाम हासिल किया।

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने 2023 में पुरुष युगल में भारत का पहला एशियाई चैम्पियनशिप स्वर्ण पदक जीता। ऐसा 1965 में दिनेश खन्ना के एकल स्वर्ण पदक जीतने के 58 साल बाद हुआ।

अप्रैल 2018 में किदाम्बी श्रीकांत पुरुष एकल में विश्व के नंबर एक खिलाड़ी बने। वह 1980 में प्रकाश पादुकोण के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले भारतीय पुरुष खिलाड़ी थे। इस तरह से उन्होंने 38 साल का इंतजार खत्म किया था।

भाषा

पंत

पंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments