scorecardresearch
Thursday, 9 April, 2026
होमखेललैंगर को उम्मीद, इस बार कप्तान के रूप में अच्छा प्रदर्शन करेंगे ऋषभ पंत

लैंगर को उम्मीद, इस बार कप्तान के रूप में अच्छा प्रदर्शन करेंगे ऋषभ पंत

Text Size:

लखनऊ, 24 मार्च (भाषा) लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के मुख्य कोच जस्टिन लैंगर को उम्मीद है कि ऋषभ पंत इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सत्र में कप्तान के रूप में अच्छा प्रदर्शन करेंगे और उन्होंने कहा कि यह भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज एक क्रिकेटर के रूप में तब और भी बेजोड़ बन जाता है जब खेलते समय उनके चेहरे पर मुस्कान होती है।

एलएसजी ने पिछले साल पंत को 27 करोड़ रुपये की मोटी कीमत पर खरीदा था, जिससे वह आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए थे। लेकिन आईपीएल 2025 में पंत और एलएसजी के लिए खुश होने का कोई खास कारण नहीं था, क्योंकि उनकी टीम अंक तालिका में सातवें स्थान पर रही थी।

लैंगर ने कहा कि हालांकि पंत पिछले साल अपना प्रभाव छोड़ने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे थे तथा इस दौरान उनके साथ बिताए गए समय से फ्रेंचाइजी और कोचिंग स्टाफ को उनके बारे में और अधिक समझने में मदद मिली।

लैंगर ने जियोहॉटस्टार से कहा, ‘अगर हम ऋषभ को हंसते-मुस्कुराते और मस्ती करते हुए देखते हैं, तो वह एक शानदार कप्तान साबित होगा। यही हमने पिछले साल सीखा था। वह एक नई फ्रेंचाइजी में शामिल हुआ था और अपना प्रभाव छोड़ने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन इस बार हम ऋषभ को पहले से अधिक सहज देख रहे हैं। वह अब खिलाड़ियों को अच्छी तरह से जानता है और हम उसका पूरा समर्थन करते हैं। उसके चेहरे पर मुस्कान है और वह खूब मस्ती कर रहा है। जब वह क्रिकेट खेलता है तो उससे अधिक रोमांचक खिलाड़ी कोई दूसरा नहीं होता है।

ऑस्ट्रेलिया के टी20 कप्तान मिचेल मार्श, उनके दक्षिण अफ्रीकी समकक्ष एडन मारक्रम और वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान निकोलस पूरन की मौजूदगी में एलएसजी की बल्लेबाजी काफी मजबूत है। इसके बावजूद टीम पिछले साल अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई थी। लैंगर ने कहा कि टीम ने नीलामी में इसकी भरपाई कर दी है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे लिए नीलामी बहुत अच्छी रही और यहीं से शुरुआत होती है। पिछले साल हमारी टीम का आधार बहुत मजबूत था। मुझे लगता है कि पिछले साल हमारी बल्लेबाजी प्रतियोगिता में नंबर एक थी। (लेकिन) हम उसका फायदा नहीं उठा पाए।’’

लैंगर ने कहा, “लेकिन इस साल हमने अपनी टीम में कुछ नए खिलाड़ी शामिल किए हैं। कुछ खिलाड़ियों का चयन काफी मुश्किल होगा। लेकिन अगर हमारी बल्लेबाजी और गेंदबाजी में सुधार जारी रहता है, तो हमारे पास एक बहुत अच्छी टीम होगी।’’

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज ने कहा कि टीम में सभी युवा गेंदबाजों के लिए मोहम्मद शमी की उपस्थिति बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा,‘‘मोहम्मद शमी बता रहे थे कि सभी युवा खिलाड़ी उनकी बात को ध्यान से सुनते हैं। वह काफी अनुभवी गेंदबाज हैं। हम अक्सर कोचिंग में बड़े भाई-छोटे भाई या गुरु-शिष्य के संबंधों पर चर्चा करते हैं और ठीक वैसा ही रिश्ता यहां भी है।’’

भाषा

पंत आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments