scorecardresearch
Friday, 6 February, 2026
होमखेलकोहली, सचिन समेत समूचे क्रिकेट जगत ने दी भारतीय अंडर 19 टीम को बधाई

कोहली, सचिन समेत समूचे क्रिकेट जगत ने दी भारतीय अंडर 19 टीम को बधाई

Text Size:

नयी दिल्ली, छह फरवरी (भाषा) चैम्पियन बल्लेबाज विराट कोहली, सचिन तेंदुलकर और भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर समेत समूचे क्रिकेट जगत ने भारतीय टीम को अंडर 19 विश्व कप जीतने पर बधाई दी है ।

चौदह वर्ष के वैभव सूर्यवंशी के 80 गेंद में 175 रन की मदद से भारत ने फाइनल में नौ विकेट पर 411 रन बनाकर इंग्लैंड को सौ रन से हराया ।

2008 में अंडर 19 खिताब जीत चुके कोहली ने एक्स पर लिखा ,‘‘ भारत की अंडर 19 टीम को फिर विश्व कप जीतने पर बधाई । आयुवर्ग क्रिकेट में हमारा दबदबा कायम है । पूरी टीम और सहयोगी स्टाफ को बधाई ।’’

भारत के मुख्य कोच गंभीर ने कहा ,‘‘ तुम सभी पर गर्व है । भविष्य उज्ज्वल है । इंडिया अंडर 19।’’

वहीं महान बल्लेबाज तेंदुलकर ने लिखा ,‘‘ चैम्पियंस । इस युवा टीम और इसके बेखौफ खेल पर गर्व है । पूरी टीम, कोच और सहयोगी स्टाफ को बधाई ।’’

उन्होंने आगे लिखा ,‘‘ आपके पास एक सूर्यवंशी है तो इस तरह का ब्लॉकबस्टर प्रदर्शन लाजमी है । शानदार प्रदर्शन वैभव ।’’

भारत के पूर्व स्पिनर आर अश्विन ने लिखा ,‘‘ प्रतिभा, निडरता और दृढता के साथ बेदाग प्रदर्शन । अंडर 19 टीम ने बता दिया कि वे क्या कर सकते हैं । जबर्दस्त आत्मविश्वास और कौशल का प्रदर्शन ।’’

भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सूर्यवंशी की खास तौर पर तारीफ करते हुए लिखा ,‘‘ वैभव का शानदार प्रदर्शन । क्या खास सोचकर उतरते हो । फाइनल में क्लास पारी ।’’

भाषा मोना नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments