कोलकाता, 19 अप्रैल (भाषा) लेग स्पिनर वरुण चक्रवर्ती और ऑफ स्पिनर सुनील नारायण की फिरकी के जादू से कोलकाता नाइट राइडर्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में रविवार को यहां राजस्थान रॉयल्स को नौ विकेट पर 155 रन के स्कोर पर रोक दिया।
सलामी बल्लेबाजों वैभव सूर्यवंशी (46 रन, 28 गेंद, छह चौके, दो छक्के) और यशस्वी जायसवाल (39 रन, 29 गेंद, चार चौके, दो छक्के) ने पहले विकेट के लिए 8.4 ओवर में 81 रन जोड़कर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई लेकिन इस जोड़ी के टूटने के बाद रॉयल्स के बल्लेबाजों को रन बनाने के लिए जूझना पड़ा।
चक्रवर्ती (14 रन पर तीन विकेट) और नारायण (26 रन पर दो विकेट) की स्टार स्पिन जोड़ी के सामने रॉयल्स ने बीच के ओवरों में लगातार विकेट गंवाए जिससे टीम अंतिम 10 ओवर में 60 रन ही जुटा सकी। कार्तिक त्यागी (22 रन पर तीन विकेट) ने निचले मध्य क्रम को ध्वस्त किया।
रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद सूर्यवंशी और जायसवाल ने पावर प्ले में 63 रन जोड़कर एक बार फिर टीम को तेज शुरुआत दिलाई।
जायसवाल ने वैभव अरोड़ा पर पारी का पहला चौका जड़ा जबकि सूर्यवंशी ने त्यागी पर दो और अरोड़ा पर तीन चौके मारे।
सूर्यवंशी ने नारायण और कैमरन ग्रीन पर छक्का भी जड़ा। जायसवाल ने भी ग्रीन की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया।
नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने इसके बाद गेंद चक्रवर्ती को थमाई और उनके पहले ही ओवर में बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में सूर्यवंशी गेंद को हवा में लहरा गए और रमनदीप सिंह ने अच्छा कैच लपककर उनकी पारी का अंत किया।
चक्रवर्ती ने अपने अगले ओवर में ध्रुव जुरेल (05) को भी विकेटकीपर टिम सीफर्ट के हाथों स्टंप कराया।
जायसवाल भी नारायण की गेंद पर एक्सट्रा कवर पर रहाणे को कैच दे बैठे जिससे रॉयल्स का स्कोर तीन विकेट पर 99 रन हो गया।
रॉयल्स के रनों का शतक 12वें ओवर में पूरा हुआ।
कप्तान रियान पराग (12) भी चक्रवर्ती की सीधी गेंद को चूककर बोल्ड हुए जबकि डोनोवन फरेरा (07) ने नारायण को उनकी गेंद पर वापस कैच थमाया।
रविंद्र जडेजा सिर्फ नौ रन बनाने के बाद 19वें ओवर में त्यागी का शिकार बने जबकि इसी ओवर में शिमरोन हेटमायर (15) और रवि बिश्नोई (00) भी पवेलियन लौटे।
भाषा सुधीर नमिता
नमिता
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.