कोलकाता, 19 अप्रैल (भाषा) वरुण चक्रवर्ती और सुनील नारायण की फिरकी के जादू के बाद रिंकू सिंह के जुझारू अर्धशतक से कोलकाता नाइट राइडर्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में रविवार को यहां विषम परिस्थितियों से उबरते हुए राजस्थान रॉयल्स चार विकेट से हराकर मौजूदा सत्र में जीत का खाता खोला।
रॉयल्स के 156 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नाइट राइडर्स की टीम 14वें ओवर में 85 रन पर छह विकेट गंवाने के बाद संकट में थी लेकिन रिंकू (नाबाद 53 रन, 34 गेंद, पांच चौके, दो छक्के) और अनकूल रॉय (नाबाद 29, 16 गेंद, दो छक्के, एक चौका) के बीच सातवें विकेट की 37 गेंद में 76 रन की अटूट साझेदारी की बदौलत 19.4 ओवर में छह विकेट पर 161 रन बनाकर जीत दर्ज करने में सफल रही।
सात मैच में पहली जीत दर्ज करने के बाद नाइट राइडर्स की टीम तीन अंक के साथ 10 टीम की तालिका में नौवें स्थान पर पहुंच गई है। लगातार दूसरी हार के बाद रॉयल्स की टीम छह मैच में आठ अंक के तीसरे स्थान पर है।
सलामी बल्लेबाजों वैभव सूर्यवंशी (46 रन, 28 गेंद, छह चौके, दो छक्के) और यशस्वी जायसवाल (39 रन, 29 गेंद, चार चौके, दो छक्के) के बीच पहले विकेट के लिए 8.4 ओवर में 81 रन की साझेदारी के बावजूद रॉयल्स की टीम नौ विकेट पर 155 रन ही बना सकी।
लेग स्पिनर चक्रवर्ती (14 रन पर तीन विकेट) और ऑफ स्पिनर नारायण (26 रन पर दो विकेट) की स्टार जोड़ी के सामने रॉयल्स ने बीच के ओवरों में लगातार विकेट गंवाए जिससे टीम अंतिम 10 ओवर में 60 रन ही जुटा सकी। कार्तिक त्यागी (22 रन पर तीन विकेट) ने निचले मध्य क्रम को ध्वस्त किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरे नाइट राइडर्स की शुरुआत खराब रही और टीम ने दूसरे ओवर में पांच रन के स्कोर तक ही दोनों सलामी बल्लेबाजों टिम सीफर्ट और कप्तान अजिंक्य रहाणे के विकेट गंवा दिए जो खाता खोलने में भी नाकाम रहे।
जोफ्रा आर्चर (35 रन पर एक विकेट) ने पारी की पहली ही गेंद पर सीफर्ट को बोल्ड किया जबकि अगले ओवर में नांद्रे बर्गर (20 रन पर एक विकेट) ने रहाणे को विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के हाथों कैच कराया।
कैमरन ग्रीन (27) ने बर्गर पर लगातार दो चौकों के साथ शुरुआत की जबकि इस तेज गेंदबाज के अगले ओवर में छक्का भी जड़ा लेकिन इसके बाद रवि बिश्नोई की लेग साइड से बेहद बाहर जाती गेंद को आगे बढ़कर खेलने की कोशिश में पूरी तरह से चूक गए और जुरेल ने उन्हें स्टंप कर दिया।
नाइट राइडर्स ने पावर प्ले में तीन विकेट पर 51 रन बनाए।
रविंद्र जडेजा (आठ रन पर दो विकेट) ने अंगकृष रघुवंशी (10) को पगबाधा करके नाइट राइडर्स को चौथा झटका दिया और फिर रोवमैन पावेल (23) को डोनोवन फरेरा के हाथों कैच कराके स्कोर पांच विकेट पर 70 रन किया।
रिंकू सिंह को आठ रन के स्कोर पर जडेजा की गेंद पर बर्गर ने जीवनदान दिया।
रमनदीप सिंह (10) भी इसके बाद लेग स्पिनर यश राज पुंजा की गेंद को विकेटों पर खेलकर बोल्ड हुए।
नाइट राइडर्स को अंतिम पांच ओवर में 59 रन की दरकार थी। रिंकू और अनुकूल रॉय ने बिश्नोई पर छक्के के साथ रन गति में इजाफा किया और 16वें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया।
रिंकू ने अगले ओवर में आर्चर पर दो चौकों के साथ गेंद और रन के बीच के अंतर को कम किया।
नाइट राइडर्स को अंतिम दो ओवर में 21 रन की जरूरत थी।
अनुकूल ने आर्चर पर छक्के के साथ नाइट राइडर्स का पलड़ा भारी किया जबकि रिंकू ने ब्रिजेश शर्मा पर दो चौके और एक छक्के के साथ टीम को जीत दिला दी और अर्धशतक भी पूरा किया।
इससे पहले रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद सूर्यवंशी और जायसवाल ने पावर प्ले में 63 रन जोड़कर एक बार फिर टीम को तेज शुरुआत दिलाई।
जायसवाल ने वैभव अरोड़ा पर पारी का पहला चौका जड़ा जबकि सूर्यवंशी ने त्यागी पर दो और अरोड़ा पर तीन चौके मारे।
सूर्यवंशी ने नारायण और ग्रीन पर छक्का भी जड़ा। जायसवाल ने भी ग्रीन की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया।
रहाणे ने इसके बाद गेंद चक्रवर्ती को थमाई और उनके पहले ही ओवर में बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में सूर्यवंशी गेंद को हवा में लहरा गए और रमनदीप सिंह ने अच्छा कैच लपककर उनकी पारी का अंत किया।
चक्रवर्ती ने अपने अगले ओवर में ध्रुव जुरेल (05) को भी विकेटकीपर सीफर्ट के हाथों स्टंप कराया।
जायसवाल भी नारायण की गेंद पर एक्सट्रा कवर पर रहाणे को कैच दे बैठे जिससे रॉयल्स का स्कोर तीन विकेट पर 99 रन हो गया।
रॉयल्स के रनों का शतक 12वें ओवर में पूरा हुआ।
कप्तान पराग (12) भी चक्रवर्ती की सीधी गेंद को चूककर बोल्ड हुए जबकि डोनोवन फरेरा (07) ने नारायण को उनकी गेंद पर वापस कैच थमाया।
रविंद्र जडेजा सिर्फ नौ रन बनाने के बाद 19वें ओवर में त्यागी का शिकार बने जबकि इसी ओवर में शिमरोन हेटमायर (15) और रवि बिश्नोई (00) भी पवेलियन लौटे।
भाषा सुधीर नमिता
नमिता
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.