गुलमर्ग, नौ मार्च (भाषा) गत चैम्पियन भारतीय सेना ने खेलो इंडिया शीतकालीन खेलों में अपने अभियान का शानदार आगाज करते हुए रविवार को दो स्वर्ण समेत सात पदक जीत लिये ।
भारतीय सेना ने दो स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य पदक जीते । हिमाचल प्रदेश ने एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य अपने नाम किया ।
मेजबान जम्मू कश्मीर ने एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीता ।
खेलो इंडिया शीतकालीन खेलों के पहले दिन सेना ने नोर्डिक स्कीइंग पुरूषों के दस किलोमीटर वर्ग में तीनों पदक जीते । सन्नी सिंह ने स्वर्ण, मनजीत ने रजत और राज डिन ने कांस्य जीता ।
महिलाओं की नोर्डिक स्कीइंग पांच किलोमीटर वर्ग में कर्नाटक की भवानी टी ने स्वर्ण जीता । आईटीबीपी की सेलमा सोरेंग को रजत और कुसुम राणा को कांस्य पदक मिला ।
स्की पर्वतारोहण पुरूषों के स्प्रिंट वर्ग में सेना के राजेश्वर सिंह ने स्वर्ण, महाराष्ट्र के सिद्धार्थ गाडेकर ने रजत और उत्तराखंड के मयंक डिमरी ने कांस्य पदक अपने नाम किया ।
अल्पाइन स्कीइंग पुरूषों के स्लालोम वर्ग में हिमाचल के योगेश कुमार ने स्वर्ण , सेना के जिगमत रफस्तान ने रजत और बाकिर हुसैन ने कांस्य पदक जीता ।
पुरूषों के स्लालोम स्नोबोर्डिंग वर्ग में जम्मू कश्मीर के मेहराजुद्दीन खान ने स्वर्ण और जुबैर अहमद ने रजत जीता जबकि सेना के विवेक राणा को कांस्य पदक मिला ।
महिला स्लालोम स्नोबोर्डिंग में उत्तराखंड की मेनका गुंजियाल को स्वर्ण, हिमाचल की साक्षी ठाकुर को रजत और नताशा महार को कांस्य पदक मिला ।
भाषा मोना नमिता
नमिता
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
