नयी दिल्ली, 18 नवंबर (भाषा) युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने मंगलवार को एशियाई अंडर-20 चैंपियनशिप में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय महिला रग्बी टीम की सदस्यों को सम्मानित किया।
यह सम्मान समारोह ‘एएसएमआईटीए (महिलाओं को प्रेरित करके खेल जगत में उपलब्धि हासिल करना)’ महिला लीग के सोशल मीडिया हैंडल के लॉन्च के अवसर पर आयोजित किया गया।
खडसे ने भारतीय महिला रग्बी टीम की छह सदस्यों दुमुनी मरांडी, भूमिका शुक्ला, उज्ज्वला घुगे, गुड़िया कुमारी, संध्या राय और अमनदीप कौर को सम्मानित किया।
इस साल की शुरुआत में बिहार के राजगीर में आयोजित एशियाई अंडर-20 चैंपियनशिप में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम के अधिकांश सदस्य ‘एएसएमआईटीए’ लीग से निकले हैं।
‘एएसएमआईटीए’ लीग और प्रतियोगिताओं के माध्यम से महिलाओं के बीच खेलों को बढ़ावा देने के खेलो इंडिया मिशन का हिस्सा है।
खडसे ने कहा, ‘‘यह युवा महिलाओं को सुर्खियों में लाने की सरकार की मंशा को दर्शाता है। सोशल मीडिया के माध्यम से हम और भी आगे जा सकते हैं और खेल खेलने की इच्छुक महिलाओं के लिए जागरूकता बढ़ा सकते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम महिलाओं के लिए और अधिक अवसर पैदा करने के साथ जमीनी स्तर से उन्हें आगे बढ़ाना चाहते हैं। मंत्रालय के पास प्रतिभाओं को निखारने के लिए एक उचित ढांचा है। हमें सभी खेलों पर भी ध्यान देना होगा और यह सुनिश्चित करना होगा कि लोग अपना करियर बना सकें।’’
खेल राज्य मंत्री ने कहा, ‘‘क्रिकेट को ही देख लीजिए उन्होंने पुरुषों और महिलाओं के लिए समान वेतन की शुरुआत की है। हमें सभी खेलों में एक ही मानदंड लागू करने की कोशिश करनी होगी।’’
खडसे ने कहा कि ‘एएसएमआईटीए’ के लिए एक विशिष्ट पहचान बनाने का समय आ गया है।
इस पहल शुरुआत 2021 में हुई थी। ‘एएसएमआईटीए’ ने तब से कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। कुल मिलाकर अब तक राष्ट्रीय खेल महासंघों और राज्यों के साथ 1886 ‘एएसएमआईटीए’ लीग आयोजित की जा चुकी हैं।
भारत के हर हिस्से से लगभग 2.14 लाख महिलाओं ने किसी न किसी ‘एएसएमआईटीए’ लीग में भाग लिया है।
इस कार्यक्रम में दो ओलंपिक पदक जीतने वाली निशानेबाज मनु भाकर भी मौजूद थी।
भाषा आनन्द सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.