नैरोबी, 10 अप्रैल (भाषा) भारतीय टीम एएफसी महिला एशियाई कप में निराशाजनक अभियान के एक महीने बाद शनिवार को फीफा सीरीज 2026 में मेजबान कीनिया का सामना करेगी।
खिलाड़ियों को महाद्वीपीय टूर्नामेंट के नॉकआउट चरण में जगह बनाने से चूकने की निराशा को जल्द से जल्द भुलाकर चार टीमों के इस मैत्री टूर्नामेंट से पहले खुद को प्रेरित करना होगा।
इस नॉकआउट टूर्नामेंट में केवल चार टीमें हैं, इसलिए शनिवार का मैच एक तरह से सेमीफाइनल है। ऑस्ट्रेलिया और मलावी शनिवार को ही दूसरा सेमीफाइनल खेलेंगे।
सेमीफाइनल के विजेता और हारने वाली टीमें क्रमशः 15 अप्रैल को फाइनल और तीसरे स्थान के प्ले-ऑफ में भिड़ेंगी।
क्रिसपिन छेत्री एक बार फिर महिला टीम के मुख्य कोच के रूप में कमान संभाल रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारी कोशिश भविष्य के लिए अभी से तैयारी शुरू करने की है। इसमें एएफसी महिला एशियाई कप 2029 क्वालीफायर और 2031 विश्व कप क्वालीफायर भी शामिल है। हमें अभी से शुरुआत करनी होगी।’’
पिछले साल छेत्री की देखरेख में भारत ने एशियाई कप के लिए क्वालीफाई कराया था लेकिन मुख्य टूर्नामेंट के दौरान वह अमेलिया वाल्वरडे के सहायक कोच थे।
भारतीय टीम सात अप्रैल को नैरोबी पहुंच चुकी है और अब तक दो अभ्यास सत्र हो चुके हैं।
मेजबान टीम के खिलाफ मैच से पहले शुक्रवार को एक और अभ्यास सत्र होना है।
छेत्री ने कहा, ‘‘खिलाड़ी अब मानसिक रूप से काफी तैयार हैं। जब वे अभ्यास के लिए मैदान पर उतरते हैं, तो उनका पूरा ध्यान अगले मैच की तैयारी पर होता है।’’
भाषा आनन्द मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
