scorecardresearch
Sunday, 8 February, 2026
होमखेलकामिंदु, कुसल ने श्रीलंका को छह विकेट पर 163 रन तक पहुंचाया

कामिंदु, कुसल ने श्रीलंका को छह विकेट पर 163 रन तक पहुंचाया

Text Size:

कोलंबो, आठ फरवरी (भाषा) कामिंदु मेंडिस के 19 गेंद में 44 रन और कुसल मेंडिस के नाबाद अर्धशतक के दम पर श्रीलंका ने खराब शुरूआत के बाद आयरलैंड के खिलाफ रविवार को टी20 विश्व कप के मैच में छह विकेट पर 163 रन बनाये ।

विकेटकीपर कुसल ने 43 गेंद में पांच चौकों की मदद से 56 रन बनाये और पांचवें विकेट के लिये कामिंदु के साथ 67 रन की साझेदारी की। कामिंदु ने अपनी पारी में चार चौके और दो छक्के लगाये । एक समय पर श्रीलंका का स्कोर 14वें ओवर में चार विकेट पर 86 रन था ।

श्रीलंका को आयरलैंड के खराब क्षेत्ररक्षण का भी फायदा मिला जिसने कुछ कैच टपकाये ।

पहले गेंदबाजी चुनने का आयरलैंड का फैसला सही साबित होता दिखने लगा जब श्रीलंका पहले चार ओवर में 28 रन ही बना सका और कामिल मिशारा (14) का विकेट भी गंवा दिया ।

मिशारा को एक जीवनदान भी मिला जिसका वह फायदा नहीं उठा सके और मार्क एडेयर की धीमी गेंद पर मिडआफ में कैच दे बैठे ।

सलामी बल्लेबाज पाथुम निसांका ने 23 गेंद में 24 रन बनाये । उन्होंने बायें हाथ के स्पिनर मैथ्यू हम्फ्रे को डीप स्क्वेयर लेग पर छक्का लगाया तो ऐसा लग रहा था कि वह बड़ी पारी खेलेंगे ।

कुसल मेंडिस ने बैरी मैकार्थी को छठे ओवर में तीन चौके लगाकर श्रीलंका को पावरप्ले के बाद एक विकेट पर 50 रन तक पहुंचाया ।

इसके बाद आयरलैंड के कप्तान पॉल स्टर्लिंग ने बायें हाथ के स्पिनर जॉर्ज डॉकरेल को गेंद सौंपी जिन्होंने पहले ओवर में चार ही रन दिये ।

डॉकरेल ने धीमी गेंद पर निसांका को ललचाया जो कवर में स्टर्लिग को कैच दे बैठे ।

इसके बाद उनका अगला शिकार पवन रत्नायके बने जो खराब शॉट खेलने के चक्कर में विकेट गंवा बैठे । श्रीलंका का स्कोर 11वें ओवर में तीन विकेट पर 68 रन था ।

डॉकरेल ने 17 रन देकर दो विकेट चटकाये । जेरेथ डेलानी ने दुनिथ वेलालागे को पवेलियन भेजकर श्रीलंका की मुश्किलें बढा दी । इसके बाद हालांकि कामिंदु और कुसल ने पारी को संभाला ।

भाषा

मोना नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments