मोहाली, चार दिसंबर (भाषा) कलिकेश नारायण सिंह देव ने गुरुवार को यहां भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) की आम सभा की बैठक के दौरान निर्विरोध चुने जाने के बाद के इस राष्ट्रीय खेल महासंघ के अध्यक्ष के रूप में अपना चार साल का पहला पूर्ण कार्यकाल शुरू किया।
एनआरएआई के चुनावों के परिणाम आधिकारिक रूप से घोषित किए जाने के बाद इस खेल के जाने-माने प्रशासक और तकनीकी विशेषज्ञ पवन सिंह को नया महासचिव चुना गया।
चुनाव का संचालन चुनाव अधिकारी न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) निर्मलजीत कौर की देखरेख में किया गया। चुनावों में नई कार्यकारी समिति और नई संचालन संस्था का भी गठन किया गया।
अध्यक्ष चुने जाने के बाद सिंह देव ने कहा, ‘‘भारतीय निशानेबाजी ने पिछले कुछ वर्षों में सफलता और लोकप्रियता दोनों के मामले में अपना सबसे सफल दौर देखा है और इससे हमारी जिम्मेदारियां कई गुना बढ़ जाती हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं आम सभा का मुझमें और मेरी टीम में विश्वास बनाए रखने के लिए हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। हम इस खेल को आगे बढ़ाने और प्रतिभाशाली निशानेबाजों को और बेहतर बनाने में अपनी तरफ से कोई कसर नहीं छोड़ने का वादा करते हैं। आइए हम सब मिलकर अपने इस प्रिय खेल में भारत को विश्व में नंबर एक बनाने के लिए काम करें।’’
पूर्व अध्यक्ष रनिंदर सिंह के तीन कार्यकाल पूरे होने के बाद से ओडिशा के सिंह देव महासंघ के कार्यवाहक अध्यक्ष थे।
पवन सिंह ने कहा, ‘‘एनआरएआई में पंजीकरण से लेकर परिणाम तक सभी कार्य पहले से ही ऑनलाइन हैं और अब अगला कदम तकनीक का कुशलतापूर्वक उपयोग करना है। हम देश भर में प्रतिभाशाली निशानेबाजों की पहचान करने के लिए एआई (कृत्रिम बौद्धिकता) और प्रदर्शन के आंकड़ों का लाभ उठाना चाहते हैं।’’
तेलंगाना के अमित संघी को वरिष्ठ उपाध्यक्ष जबकि 15 सदस्यीय कार्यकारी समिति में कंवर सुल्तान सिंह और सुषमा सिंह को उपाध्यक्ष चुना गया। केवल इन दोनों पदों के लिए ही चुनाव हुए। बाकी सभी पदाधिकारी निर्विरोध चुने गए।
कार्यकारी समिति में चार खिलाड़ी ओलंपिक कांस्य पदक विजेता गगन नारंग, कुंती मलिक, जोरावर सिंह संधू और इलावेनिल वलारिवन हैं।
भाषा
पंत नमिता
नमिता
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.