scorecardresearch
Friday, 1 May, 2026
होमखेलजेमिमा की डब्ल्यूबीबीएल में निराशाजनक शुरुआत

जेमिमा की डब्ल्यूबीबीएल में निराशाजनक शुरुआत

Text Size:

ब्रिसबेन, नौ नवंबर (भाषा) जेमिमा रोड्रिग्स की विश्व कप जीत के बाद प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी निराशाजनक रही क्योंकि यह भारतीय बल्लेबाज रविवार को महिला बिग बैश लीग (बीबीएल) में मेलबर्न रेनेगेड्स के खिलाफ अपनी टीम ब्रिस्बेन हीट की सात विकेट से हार में केवल छह रन ही योगदान दे पाई।

पिछले सप्ताह भारत की एकदिवसीय विश्व कप में ऐतिहासिक जीत के बाद अपना पहला मैच खेल रही जेमिमा प्रभाव छोड़ने के लिए बेताब दिखीं लेकिन नौ गेंद खेलने के बाद एलिस कैप्सी की गेंद पर बैकवर्ड पॉइंट पर डिएंड्रा डॉटिन के हाथों कैच आउट हो गई।

रोड्रिग्स की इस वापसी ने उनके बढ़ते प्रशंसकों को निराश किया लेकिन उनकी मौजूदगी ने मुकाबले में ‘स्टार वैल्यू’ का तड़का लगाया।

ब्रिस्बेन हीट ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें जेमिमाह मुस्कुराते हुए मैदान की ओर जाती हुई दिखाई दे रही हैं। जेमिमा ने इस वीडियो में कहा, ‘‘मैं यहां ब्रिस्बेन में हूं, क्या आप यकीन कर सकते हैं, आज के लिए बहुत उत्साहित हूं, चलो शुरू करते हैं।’’

हीट के लिए नादिन डी क्लार्क (38 गेंदों पर 40) और चिनेल हेनरी (22 गेंदों पर 29) ने डटकर सामना किया लेकिन रेनेगेड्स के स्पिनरों ने मैच पर दबदबा बनाए रखा और टीम की पारी 20 ओवर में 133 रन पर ही सिमट गयी।

रेनेगेड्स की कप्तान जॉर्जिया वेयरहैम (12 रन पर तीन विकेट) और कैप्सी (22 रन पर तीन विकेट) ने बीच के ओवरों में शानदार प्रदर्शन किया जबकि टेस फ्लिंटॉफ (30 रन पर तीन विकेट) आखिरी ओवरों में हीट को वापसी का मौका नहीं दिया।

बारिश से प्रभावित मैच में रेनेगेड्स को जीत के लिए आठ ओवर में 66 रन का संशोधित लक्ष्य मिला जिसे टीम ने 7.3 ओवरों में हासिल कर लिया।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments