जम्मू, 29 मार्च (भाषा) जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को कहा कि जम्मू मैराथन जम्मू-कश्मीर में 2019 से आए व्यापक परिवर्तन का प्रतीक है।
केंद्र सरकार ने 2019 में राज्य को अनुच्छेद 370 के तहत मिले विशेष दर्जे को समाप्त कर उसे दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित कर दिया।
उपराज्यपाल ने यहां जम्मू मैराथन के अभिनंदन समारोह में कहा, ‘‘शांति, समृद्धि और अनुकूल परिस्थितियों ने केंद्र शासित प्रदेश को विश्व स्तरीय आयोजनों का केंद्र बना दिया है। जम्मू-कश्मीर सात दशकों के बाद वैश्विक मंच पर अपना उचित स्थान प्राप्त कर रहा है।’’
जम्मू-कश्मीर पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित इस मैराथन में पहली बार जम्मू में अंतरराष्ट्रीय हाफ मैराथन का आयोजन किया गया। इसमें 21 किमी, 10 किमी और पांच किमी की दौड़ श्रेणियों में देश-विदेश से हजारों धावकों ने भाग लिया।
इस मैराथन में जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के साथ कई गणमान्य लोगों ने भाग लिया, जिसमें बॉलीवुड अभिनेता और जम्मू मैराथन के ब्रांड एंबेसडर मिलिंद सोमन भी शामिल थे।
पुरुष वर्ग में 26 वर्षीय येनेब्लो बियाजेन अलेहेगन ने 1:05:04 घंटे के समय के साथ हाफ मैराथन में जीत हासिल की। उन्होंने 19 वर्षीय गदिसा अस्सेफा रागासा (1:05:05) और 29 वर्षीय एनोस किप्रुटो सात (1:05:08) को मामूली अंतर से पछाड़ा।
महिला वर्ग की रेस में 30 वर्षीय क्रोलाइन जेरुतो चेसिर ने 1:14:50 घंटे के समय के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। उनके बाद 22 वर्षीय सेलामावित टेना गेड़ा (1:14:53) और 20 वर्षीय लेलिस तेगेग्ने वाकवेया (1:14:59) रहीं।
एजकील लेटाया टीपस (26) और एमेबेट गाटावी बेयेने (21) ने क्रमशः पुरुषों और महिलाओं की श्रेणियों में 10 किमी का खिताब जीता, जबकि संदीप पाल (20) और गार्गी (16) ने पांच किमी की दौड़ जीती।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
