scorecardresearch
Saturday, 11 April, 2026
होमखेलजायसवाल का तूफानी अर्धशतक, रॉयल्स ने मुंबई इंडियन्स को 151 रन का लक्ष्य दिया

जायसवाल का तूफानी अर्धशतक, रॉयल्स ने मुंबई इंडियन्स को 151 रन का लक्ष्य दिया

Text Size:

गुवाहाटी, सात अप्रैल (भाषा) सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के धमाकेदार अर्धशतक से राजस्थान रॉयल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग के वर्षा से प्रभावित 11 ओवर के मैच में मंगलवार को यहां मुंबई इंडियन्स के खिलाफ तीन विकेट पर 150 रन बनाए।

जायसवाल ने 32 गेंद में चार छक्कों और 10 चौकों से नाबाद 77 रन की पारी खेलने के अलावा वैभव सूर्यवंशी (39 रन, 14 गेंद, पांच छक्के, एक चौके) के साथ पांच ओवर में 80 रन जोड़कर रॉयल्स को तूफानी शुरुआत दिलाई।

मुंबई की ओर से स्पिनर अल्लाह गजनफर सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 21 रन देकर दो विकेट चटकाए। शारदुल ठाकुर ने भी 36 रन देकर एक विकेट चटकाए।

इससे पहले बारिश के कारण मुकाबला दो घंटे और 40 मिनट के विलंब से शुरू किया जिसके कारण इसे 11 ओवर का कर दिया गया।

मुंबई इंडियन्स के कप्तान हार्दिक पंड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया जिसके बाद जासयवाल और सूर्यवंशी ने रॉयल्स को तूफानी शुरुआत दिलाते हुए 3.2 ओवर के पावर प्ले में बिना विकेट खोए 59 रन जोड़े।

जायसवाल ने दीपक चाहर के पहले ही ओवर में चार चौकों और एक छक्के से 22 रन जोड़े जबकि सूर्यवंशी ने अगले ओवर में जसप्रीत बुमराह पर दो छक्के मारे।

जायसवाल ने तीसरे ओवर में ट्रेंट बोल्ट पर तीन छक्कों से 22 रन जुटाकर टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया।

सूर्यवंशी ने पांचवें ओवर में शारदुल ठाकुर पर दो छक्के और एक चौका मारा लेकिन अंतिम गेंद पर डीप कवर बाउंड्री पर तिलक वर्मा को कैच दे बैठे।

गजनफर ने ध्रुव जुरेल (02) को पगबाधा करके रॉयल्स को दूसरा झटका दिया।

जासवाल ने पंड्या पर चौके के साथ 23 गेंद में अर्धशतक पूरा किया।

कप्तान रियान पराग (20) ने पंड्या और गजनफर पर छक्के मारे लेकिन फिर इस स्पिनर की गेंद पर तिलक के हाथों लपके गए।

जायसवाल ने पारी के अंतिम ओवर में शारदुल पर तीन चौकों के साथ टीम का स्कोर 150 रन तक पहुंचाया।

भाषा सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments