scorecardresearch
Thursday, 30 April, 2026
होमखेलइस विकेट पर आरसीबी को 155 रन पर रोकना शानदार रहा : गिल

इस विकेट पर आरसीबी को 155 रन पर रोकना शानदार रहा : गिल

Text Size:

अहमदाबाद, 30 अप्रैल (भाषा) गुजरात टाइटन्स के कप्तान शुभमन गिल ने बृहस्पतिवार यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में जीत दर्ज करने के कहा कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप को अच्छी पिच पर महज 155 रन के स्कोर पर रोकना शानदार रहा।

गिल (18 गेंद में 43 रन) और जोस बटलर (19 गेंद में 39 रन) की अच्छी शुरूआत की मदद से गुजरात टाइटन्स ने आरसीबी को चार विकेट से हराया।

गत चैंपियन आरसीबी बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद मेजबान टीम के गेंदबाजी आक्रमण के सामने 19.2 ओवर में महज 155 रन पर सिमट गई। टीम इस सत्र में पहली बार ऑल आउट हुई।

गुजरात टाइटन्स ने गिल (चार चौके, तीन छक्के) और बटलर (दो चौके, चार छक्के) के अलावा अंत में राहुल तेवतिया की नाबाद 27 रन (17 गेंद में चार चौके) पारी मदद से 15.5 ओवर में छह विकेट पर 158 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

गिल ने मैच के बाद कहा, ‘‘ मैं काफी संतुष्ट महसूस कर रहा हूं। इस तरह के विकेट पर आरसीबी जैसे बल्लेबाजी लाइन अप को 155 पर रोकना बेहद शानदार है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमने इस टूर्नामेंट में कई बार अच्छा क्षेत्ररक्षण नहीं किया है। हालांकि आज दूसरे ओवर के बाद से ही खिलाड़ियों की ऊर्जा काफी अच्छी थी। वहां से हमने जिस तरह से वापसी की, वो शानदार था। ’’

वहीं बल्लेबाजी के बारे में बात करते हुए गिल ने कहा, ‘‘ पहली गेंद पर मैं थोड़ा भाग्यशाली रहा और इसके बाद मुझे लगा कि आज मेरा दिन है। मैं आत्मविश्वास से भरा था कि गेंदबाजों पर दबाव बना सकता हूं। जहां तक राहुल तेवतिया का सवाल है तो वह हमारे लिए काफी अहम खिलाड़ी हैं। खुशी हुई कि उन्होंने हमारे लिए मैच खत्म किया। हमने मध्यक्रम में कुछ ज्यादा विकेट गंवा दिए थे। हालांकि तेवतिया ने रन बनाए। ’’

भाषा नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments