चंडीगढ़, 16 अगस्त (भाषा) भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने बुधवार को पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में कहा कि प्रमुख अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों के चयन की जिम्मेदारी राष्ट्रीय खेल महासंघ की है।
आईओए चीन के हांगझोउ में होने वाले एशियाई खेलों के लिए नहीं चुने गए तीन मुक्केबाजों द्वारा दायर की गई याचिका पर जवाब दे रहा था।
विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता अमित पंघाल, रोहित मोर और सागर अहलावत ने 23 सितंबर से 8 अक्टूबर तक होने वाले एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं मिलने के बाद भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) और अन्य के खिलाफ पिछले महीने उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी।
उन्होंने एशियाई खेलों की टीम के चयन के लिए बीएफआई की मूल्यांकन प्रक्रिया के खिलाफ याचिका दायर की थी।
आईओए के संयुक्त सचिव की तरफ से दायर जवाब में कहा गया,‘‘ राष्ट्रीय खेल महासंघों की अपनी स्वायत्तता है और उनका संविधान संबंधित अंतरराष्ट्रीय खेल महासंघ के अनुरूप होना चाहिए। इसके अलावा भारतीय राष्ट्रीय खेल विकास संहिता 2011 के अनुसार प्रमुख अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए खिलाड़ियों के चयन की जिम्मेदारी केवल राष्ट्रीय खेल महासंघों की है।’’
जवाब में कहा गया है,‘‘ इसलिए चयन मानदंडों में बदलाव में आईओए की कोई भूमिका नहीं है जैसा कि याचिकाकर्ताओं ने आरोप लगाए हैं।’’
इससे पहले केंद्रीय खेल मंत्रालय और बीएफआई अदालत में अपने जवाब दे चुके हैं।
भाषा पंत सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
