scorecardresearch
Wednesday, 4 February, 2026
होमखेलदेश में उथल-पुथल के बीच एशियाई चैंपियनशिप से ईरान की निशानेबाजी टीम बाहर

देश में उथल-पुथल के बीच एशियाई चैंपियनशिप से ईरान की निशानेबाजी टीम बाहर

Text Size:

नयी दिल्ली, चार फरवरी (भाषा) ईरान की 28 सदस्यीय निशानेबाजी टीम को बुधवार से यहां शुरू हुई एशियाई चैंपियनशिप के लिए आना था लेकिन उसे देश में राजनीतिक अशांति के कारण वीजा आवेदन में देरी के बाद टूर्नामेंट से हटना पड़ा।

उनकी गैरमौजूदगी महाद्वीपीय चैंपियनशिप के लिए बड़ा झटका है क्योंकि ईरान निशानेबाजी में मजबूत टीम रहा है और इस खेल में उसका रिकॉर्ड शानदार रहा है।

भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) के महासचिव पवनकुमार सिंह ने पीटीआई को बताया, ‘‘देश में विरोध प्रदर्शनों के कारण ईरान की टीम ने वीजा के लिए बहुत देर से आवेदन किया। उनके टीम चयन में देरी हुई और उनकी वीजा औपचारिकताओं में भी देरी हुई। ’’

पिछले महीने मौजूदा सरकार के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों पर ईरान की कार्रवाई में कई प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई और हजारों को हिरासत में लिया गया। ईरान की टीम में कई ओलंपियन हैं।

सिंह ने कहा, ‘‘उनके महासंघ ने कल देर रात तक कम से कम राइफल टीम को भेजने की कोशिश की, लेकिन वे फ्लाइट टिकट की समस्याओं के कारण ऐसा नहीं कर सके। हालांकि उनकी एक महिला जूरी सदस्य यहां है क्योंकि उन्होंने अपने वीजा के लिए जल्दी आवेदन किया था और उन्हें समय पर मिल गया था। ’’

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments