मुंबई, 16 अक्टूबर (भाषा) अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के अध्यक्ष थॉमस बाख ने सोमवार को यहां उम्मीद जताई कि भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) जल्द ही संविधान के तहत अपने सीईओ की नियुक्ति करेगा।
आईओसी के 141वें सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही समाप्त होने के बाद बाख ने कहा कि उनकी आईओए अध्यक्ष पीटी उषा से बात हुई और वह भारतीय संस्था में सुधार लाने के लिए प्रतिबद्ध लगती हैं।
बाख ने पत्रकारों से कहा, ‘‘हमारी आईओए की नव नियुक्त अध्यक्ष पीटी उषा के साथ बातचीत हुई तथा हम घटनाक्रम का जायजा ले रहे थे। हमने जो जरूरी कदम उठाए जाने चाहिए उन पर बात की, विशेषकर आईओए के लिए सीईओ की नियुक्ति पर बात की।’’
उन्होंने कहा,‘‘ उन्होंने हमारी बातों को ध्यान से सुना। उन्होंने आईओए के अंदर भी कुछ कदम उठाए हैं, इसलिए अभी हम यही उम्मीद कर सकते हैं कि यह नियुक्ति जल्द से जल्द होगी।’’
भाषा
पंत आनन्द
आनन्द
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
