नयी दिल्ली, पांच नवंबर (भाषा) भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के चुनाव के लिए आठ उत्कृष्ट योग्यता वाले खिलाड़ियों (एसओएम) के निर्वाचन की दौड़ में शामिल उम्मीदवारों की संख्या नामांकन पत्रों की जांच के बाद बृहस्पतिवार को 27 से घटकर 23 रह गई।
निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार श्रीवास्तव ने 31 अक्टूबर को आठ एसओएम पदों के लिए 27 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी लेकिन नामांकन पत्रों की जांच के बाद वैध उम्मीदवारों की संख्या 23 रह गई है।
आईओए अध्यक्ष पीटी उषा और पांच ओलंपिक पदक विजेता सहित 23 पूर्व खिलाड़ी अब भी चुनाव मैदान में हैं।
हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी सरदार सिंह, पूर्व बैडमिंटन खिलाड़ी बी सुमीत रेड्डी और पूर्व गोला फेंक खिलाड़ी ओम प्रकाश करहाना पुरुष उम्मीदवारों की वैध सूची में जगह नहीं बना सके। महिला उम्मीदवारों में सुनीथ सिंह का नाम भी सूची से बाहर हो गया।
दरअसल 31 अक्टूबर को निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी सूची में सुनीथ सिंह के नामांकन का समर्थन करने वाला कोई अनुमोदक नहीं था।
कुल 80 एसओएम जिनमें 40 पुरुष और 40 महिलाएं शामिल हैं, नौ नवंबर को ऑनलाइन मतदान के जरिये 23 उम्मीदवारों में से चार पुरुष और चार महिला प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे।
निर्वाचित आठ एसओएम आईओए की आम सभा के सदस्य बनेंगे और उन्हें पांच दिसंबर को होने वाले नए आईओए कार्यकारी परिषद के चुनाव में मतदान का अधिकार मिलेगा।
इन आठ एसओएम में से दो (एक पुरुष और एक महिला) बाद में आईओए की कार्यकारी परिषद के सदस्य भी बनेंगे।
एसओएम चुनाव महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि आईओए अध्यक्ष पद सहित कार्यकारी परिषद के शीर्ष पदों के कुछ दावेदार भी इन आठ सीटों के लिए चुनाव मैदान में हैं।
पुरुष वर्ग में चार ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज गगन नारंग, पहलवान योगेश्वर दत्त, मुक्केबाज विजेंदर सिंह और हॉकी खिलाड़ी सुरिंदर सिंह शोकर (1980 ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता) चार एसओएम पदों के लिए 12 उम्मीदवारों में शामिल हैं।
विश्व एथलेटिक्स के उपाध्यक्ष आदिले सुमारिवाला और टेबल टेनिस के दिग्गज अचंता शरत कमल भी उम्मीदवारों में शामिल हैं।
अन्य उम्मीदवारों में निशानेबाज मनशेर सिंह, मुराद अली खान और रंजन सोढ़ी, पूर्व टेबल टेनिस खिलाड़ी कमलेश मेहता, पूर्व भारोत्तोलक सतीश कुमार शिवलिंगम और पूर्व बैडमिंटन खिलाड़ी बी साई प्रणीत शामिल हैं।
उषा, ओलंपिक पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल और विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता लंबी कूद खिलाड़ी अंजू बॉबी जॉर्ज महिला वर्ग के चार एसओएम पदों के लिए 11 उम्मीदवारों में शामिल हैं।
पूर्व तीरंदाज डोला बनर्जी और चेकरोवोलु स्वुरो, पूर्व हॉकी कप्तान रानी रामपाल, पूर्व धाविका अश्विनी नचप्पा, पूर्व बैडमिंटन खिलाड़ी तृप्ति मुरगुंडे, भारोत्तोलक नीलम सेठी लक्ष्मी, कैनोइंग एवं कयाकिंग से रेगिना किरो और बास्केटबॉल से अनिता पॉल दुरई भी चुनाव मैदान में हैं।
उषा के नाम का प्रस्ताव पूर्व टेबल टेनिस खिलाड़ी ए राधिका ने रखा जो निर्वाचन अधिकारी की ओर से सूचीबद्ध 40 महिला एसओएम में शामिल हैं। उनके नाम का अनुमोदन पूर्व 400 मीटर धावक लिजो डेविड थोट्टन ने किया।
उम्मीदवार शनिवार को दोपहर दो बजे तक नामांकन वापस ले सकते हैं। इसके बाद निर्वाचन अधिकारी उसी दिन चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी करेंगे।
भाषा सुधीर नमिता
नमिता
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.