scorecardresearch
Thursday, 5 February, 2026
होमखेलइंडोनेशिया ओपन: श्रीकांत, प्रणय, चिराग-सात्विक क्वार्टर फाइनल में; सिंधू बाहर

इंडोनेशिया ओपन: श्रीकांत, प्रणय, चिराग-सात्विक क्वार्टर फाइनल में; सिंधू बाहर

Text Size:

जकार्ता, 15 जून (भाषा) किदांबी श्रीकांत और एचएस प्रणय ने इंडोनेशिया ओपन विश्व टूर सुपर 1000 टूर्नामेंट में सीधे गेम में जीत दर्ज कर गुरुवार को पुरुष एकल के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई जबकि दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू का सफर दूसरे दौर में हार के साथ खत्म हो गया।

पुरुष एकल के दूसरे दौर के मुकाबले में लक्ष्य ने श्रीकांत को कड़ी टक्कर दी लेकिन विश्व रैंकिंग में शीर्ष पर रह चुके अनुभवी खिलाड़ी ने 45 मिनट तक चले मैच को 21-17 22-20 से अपने नाम किया।

दोनों खिलाड़ियों के तीन मैचों में श्रीकांत की यह तीसरी जीत है।

सातवीं वरीयता प्राप्त प्रणय ने हांगकांग के एंगस लोंग को 43 मिनट तक चले मुकाबले में 21-18, 21-16 से मात दी।

दुनिया की 14वें नंबर की महिला एकल खिलाड़ी सिंधू दूसरे दौर के मैच में चीनी ताइपे की दुनिया की तीसरी रैंकिंग की खिलाड़ी ताइ जू यिंग से 18-21 16-21 से हार गयी।

सिंधू पिछली दो टूर्नामेंटों में शुरुआती दौर में बाहर हो गई थीं।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ताइ जू के खिलाफ सिंधू को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है। दोनों खिलाड़ियों के बीच खेले गये 24 मुकाबलों में चीनी ताइपे की खिलाड़ी ने 19 मैच अपने नाम किये हैं।

सिंधू की हार के साथ ही महिला एकल वर्ग में भारतीय चुनौती समाप्त हो गयी।

बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों की चैंपियन सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की विश्व नंबर पांच पुरुष युगल जोड़ी ने चीन के हे जी टिंग और झोउ हाओ डोंग को 46 मिनट में 21-17 21-15 से हराया। इस जोड़ी के सामने अगले दौर में शीर्ष वरीय फजर अल्फियन और मुहम्मद रियान अर्दियांतो की चुनौती होगी।

पुरुष एकल के मैच में लक्ष्य ने सकारात्मक शुरुआत करते हुए 4-0 की बढ़त बना ली लेकिन श्रीकांत ने लय हासिल करने के बाद वापसी की। इसके बाद दोनों 17-17 की बराबरी पर पहुंच गये।

श्रीकांत ने अब आक्रामक रूख अपनाया और लगातार चार अंक जुटाकर पहला गेम अपने नाम कर लिया।

दोनों के बीच दूसरे सेट में भी कड़ा मुकाबला जारी रही। एक समय दोनों का स्कोर 13-13 था। श्रीकांत ने लगातार छह अंक बनाकर 20-14 की बढ़त बना ली।

विश्व चैम्पियनशिप 2021 के रजत पदक विजेता लक्ष्य ने दमदार वापसी करते हुए स्कोर को 20-20 कर दिया।

श्रीकांत ने अनुभव का लाभ उठाते हुए लगातार दो अंक हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

अगले दौर में उनके सामने चीन के ली शी फेंग की चुनौती होगी। फेंग ने एक अन्य मुकाबले में चौथी वरीयता प्राप्त सिंगापुर के लोह कीन यू को 21-19 21-14 से हराया।

प्रणय के सामने तीसरे दौर में जापान के कोडाई नारोका की चुनौती होगी।

तेजी से उभरते भारतीय युवा प्रियांशु राजावत की चुनौती प्री-क्वार्टर फाइनल में हार के साथ खत्म हो गयी। इस युवा खिलाड़ी को विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान पर काबिज स्थानीय खिलाड़ी एंथोनी गिनटिंग से 22-20 15-21 15-21 से शिकस्त मिली।

एक घंटे तीन मिनट तक चले इस मैच में राजावत ने इंडोनेशिया के स्थानीय खिलाड़ी को कड़ी टक्कर दी और पहला गेम जीतने में सफल रहे। गिनटिंग ने हालांकि अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए अगले दोनों गेम जीत कर मुकाबला अपने नाम किया।

भाषा आनन्द मोना

मोना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments