scorecardresearch
Tuesday, 24 February, 2026
होमखेलभारत की पुरुष और महिला टीम ने कबड्डी में थाईलैंड को हराया

भारत की पुरुष और महिला टीम ने कबड्डी में थाईलैंड को हराया

Text Size:

हांगझोउ, चार अक्टूबर (भाषा) भारत की पुरुष और महिला कबड्डी टीम ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए बुधवार को यहां दोनों वर्ग में थाईलैंड के खिलाफ आसान जीत दर्ज की।

सात बार की चैंपियन भारतीय पुरुष टीम ने ग्रुप ए में थाईलैंड को 63-26 से हराया जबकि महिला टीम ने भी ग्रुप ए में 54-22 से जीत दर्ज की।

जकार्ता में 2018 में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष टीम की नजरें एक बार फिर एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक पर हैं।

भारतीय टीम ने शानदार शुरुआत करते हुए मध्यांतर तक 37-9 की बढ़त बनाई।

भारत ने मुकाबले की शुरुआत में कुछ मिनटों में ही थाईलैंड की टीम को पहली बार ‘ऑल आउट’ कर दिया।

भारत ने जल्द ही दूसरी बार भी थाईलैंड की टीम को ‘ऑल आउट’ किया।

थाईलैंड के प्रमोत साइसिंग अंतिम खिलाड़ी बचे थे और जब वे रेड के लिए गए तो भारतीय टीम ने तीसरी बार ‘ऑल आउट’ किया।

भारत ने दूसरे हाफ में चौथी बार थाईलैंड को ‘ऑल आउट’ करके 53-17 की बढ़त बनाई।

थाईलैंड ने दूसरे हाफ में वापसी की कोशिश की लेकिन भारत ने यह हाफ 26-17 से जीतकर मुकाबला अपने नाम किया।

भारतीय पुरुष टीम ने मंगलवार को अपने पहले मैच में बांग्लादेश को 55-18 से हराया था।

पिछले खेलों की रजत पदक विजेता भारतीय महिला टीम को भी थाईलैंड के खिलाफ अधिक पसीना नहीं बहाना पड़ा। टीम ने पहले हाफ में 32-9 की बढ़त बनाई। थाईलैंड ने दूसरे हाफ में बेहतर प्रदर्शन करते हुए 13 अंक जुटाए लेकिन भारतीय टीम ने 22 अंक और जुटाकर आसान जीत दर्ज की।

टीम ने अपने ग्रुप में शीर्ष पर रहते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई।

भाषा सुधीर मोना

मोना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments