scorecardresearch
Monday, 9 March, 2026
होमखेलभारतीय महिला टीम ने आस्ट्रेलिया को दिया 131 रन का लक्ष्य

भारतीय महिला टीम ने आस्ट्रेलिया को दिया 131 रन का लक्ष्य

Text Size:

नवी मुंबई, सात जनवरी (भाषा) भारतीय बल्लेबाज शुरूआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल सकीं जिससे मेजबान टीम रविवार को यहां दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में आस्ट्रेलिया के खिलाफ आठ विकेट पर 130 रन ही बना सकी।

स्मृति मंधाना (23), ऋचा घोष (23) और जेमिमा रोड्रिग्स (13) अच्छी शुरूआत करने के बावजूद बड़ी पारी नहीं खेल सकीं और आस्ट्रेलिया ने लगाातर विकेट झटककर भारत पर दबाव बनाये रखा।

दूसरे छोर पर विकेट गिर रहे थे लेकिन दीप्ति शर्मा ने पारी की अंतिम गेंद पर रन आउट होने से पहले 27 गेंद में पांच चौके से 31 रन बनाकर टीम को इस स्कोर तक पहुंचाया।

आस्ट्रेलिया के लिए किम गार्थ ने शुरूआती झटके दिये, उन्होंने पहले शेफाली वर्मा (01) को पगबाधा आउट किया और फिर रोड्रिग्स की पारी खत्म की जिन्होंने तेजी से तीन चौके जड़कर शुरूआत की थी।

पहले मैच में भारतीय टीम ने पावरप्ले में लगभग 10 रन प्रति ओवर बनाये थे लेकिन रविवार को दो विकेट पर 33 रन ही बना सकी जिसमें मंधाना के कुछ आकर्षक स्ट्रोक्स शामिल थे।

भारतीय उप कप्तान मंधाना ने गार्थ पर डीप स्क्वायर लेग में एक छक्का और फिर कवर पर चौका जड़ा।

पर आठवें ओवर में मंधाना भी अनाबेल सदरलैंड की शॉर्ट गेंद का शिकार हो गयीं और उनका कैच डीप मिडविकेट पर एलिसे पैरी ने झटका।

भारत की परेशानी बढ़ती जा रही थीं और कप्तान हरमनप्रीत कौर (12 गेंद में छह रन) बल्ले से फिर कमाल नहीं दिखा सकीं।

टीम को वापसी के लिए किसी खिलाड़ी के क्रीज पर टिके रहने की जरूरत थी और हरमनप्रीत के पास भारत को मुश्किल से बाहर निकालने का अच्छा मौका था, पर वह अपने पसंदीदा स्वीप शॉट खेलने के प्रयास में पवेलियन पहुंच गयीं।

ऋचा ने इसी ओवर में गार्डनर पर एक गगनदायी छक्का जड़ा लेकिन वह भी बड़ा स्कोर बनाने में से चूक गयीं। वह जॉर्जिया वारेहैम की धीमी गेंद पर पगबाधा आउट हुईं।

आस्ट्रेलिया ने अपील की लेकिन मैदानी अंपायर ने इसे ठुकरा दिया और यहां तक कि वारेहैम को भी लगा कि गेंद बाहर की ओर पिच हुई थी, पर कप्तान एलिसा हीली ने डीआरएस अपील की जो मेहमान टीम के पक्ष में रही।

वारेहैम ने फिर पूजा वस्त्राकर (09) के रूप में अपना दूसरा विकेट झटका। इस तरह उन्होंने चार ओवर में 17 रन देकर दो विकेट प्राप्त किये। इस बार गेंदबाज और कप्तान दोनों ने सही डीआरएस अपील की।

सदरलैंड ने अमनजोत कौर (04) को आउट कर अपना दूसरा शिकार बनाया। उन्होंने 18 रन देकर दो विकेट चटकाये।

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments