scorecardresearch
Friday, 6 March, 2026
होमखेलभारतीय महिला रिले टीम दो बार ‘सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय’ बनाने के बाद आठवें स्थान पर

भारतीय महिला रिले टीम दो बार ‘सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय’ बनाने के बाद आठवें स्थान पर

Text Size:

हांगझोउ, 28 सितंबर (भाषा) भारत की महिला चार गुणा 200 मीटर फ्रीस्टाइल तैराकी रिले टीम ने दो बार ‘सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय’ निकाला लेकिन इसके बावजूद वह यहां गुरुवार को एशियाई खेलों में आठवें स्थान पर रही।

धिनिधी देसिंघू, शिवांगी शर्मा, वृत्ति अग्रवाल और हशिका रामचंद्र ने हीट में आठ मिनट 39.64 सेकेंड के समय के साथ ‘सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय’ निकाला जिससे टीम ने आठवें स्थान पर रहकर फाइनल में प्रवेश किया।

इस चौकड़ी ने फिर फाइनल में आठ मिनट 37.58 सेकेंड का समय निकालकर रिकॉर्ड बनाया जिससे वह अंतिम स्थान पर रही।

भारतीय चौकड़ी ने हशिका, धिनिधी, विहिता नयना और शिरिन के इस साल राष्ट्रीय चैंपियनशिप में बनाए आठ मिनट 40.89 सेकेंड के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।

भारत की पुरुष चार गुणा 100 मीटर टीम में शामिल श्रीहरि नटराज, तनीष जॉर्ज मैथ्यू, अनिल कुमार और विशाल ग्रेवाल ने हीट में तीन मिनट 21.22 सेकेंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहते हुए चार गुणा 100 मीटर फ्रीस्टाइल रिले स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाई थी जिसमें उन्होंने तीन मिनट 21.46 सेकेंड के समय से छठा स्थान हासिल किया।

इस तिकड़ी ने नटराज, साजन प्रकाश, वीरधवल खाड़े और अनिल कुमार के 2019 में बनाए तीन मिनट 23.72 सेकेंड के ‘सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय’ में सुधार किया था।

तैराकी में राष्ट्रीय एक्वाटिक चैंपियनशिप में बनाए रिकॉर्ड को ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड माना जाता है।

अन्य प्रतियोगिताओं के समय को ‘सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय’ कहा जाता है।

आर्यन नेहरा और कुशाग्र रावत आठ पुरुषों की 800 मीटर फ्रीस्टाइट स्पर्धा के फाइनल में क्रमश: सातवें और आठवें स्थान पर रहे।

पूर्व कांस्य पदक विजेता खाड़े और शिवांगी व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाने में नाकाम रहे। खाड़े पुरुष 50 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में 24.67 सेकेंड के साथ 19वें स्थान पर रहे।

शिवांगी महिला 50 मीटर फ्रीस्टाइल में 26.92 सेकेंड के समय के साथ 18वें स्थान पर रही।

भाषा नमिता पंत

पंत

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments