नयी दिल्ली, 26 मार्च (भाषा) भारत के लेग-स्पिनर राहुल चाहर इस साल सरे क्लब में वापसी करते हुए काउंटी चैम्पियनशिप के आठ मैच खेलेंगे।
उनका पहला मुकाबला सात जून को ओवल में हैम्पशायर के खिलाफ होगा।
चाहर ने पिछले साल सितंबर में सरे के लिए पदार्पण किया था और क्लब के लिए अपने एकमात्र मैच में हैम्पशायर के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 विकेट लिए थे।
उन्होंने इस दौरान दूसरी पारी में 51 रन देकर आठ विकेट झटके, जो क्लब पदार्पण पर प्रथम श्रेणी में अब तक का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़ा है। इस प्रदर्शन से उन्होंने 166 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा, जिसे विलियम म्यूडी ने 1859 में 61 रन देकर सात विकेट लेकर बनाया था।
राहुल चाहर ने कहा, “इस सत्र में सरे में वापसी को लेकर मैं बेहद उत्साहित हूं। मुझे 2025 में यहां का छोटा सा कार्यकाल बहुत अच्छा लगा। मैंने जब एलेक स्टीवर्ट से बात की तो इस सत्र में वापसी का मौका मिलते ही मैंने तुरंत हां कर दिया।”
चाहर ने भारत के लिए सीमित ओवरों के सात मैच खेले है। उनके नाम 27 प्रथम श्रेणी मैचों में 101 विकेट हैं।
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और सरे के क्रिकेट निदेशक एलेक स्टीवर्ट ने कहा, “राहुल ने पिछले साल हैम्पशर में शानदार प्रदर्शन किया था। हम उनका क्लब में स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं। हम देखेंगे कि वह सरे को जीत दिलाने में कैसे योगदान दे सकते हैं।”
भाषा आनन्द
आनन्द
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
