scorecardresearch
Thursday, 30 April, 2026
होमखेलभारतीय खिलाड़ी ईटीपीएल को बढ़ावा दे सकते हैं, लेकिन विकास अहम: डुप्लेसी

भारतीय खिलाड़ी ईटीपीएल को बढ़ावा दे सकते हैं, लेकिन विकास अहम: डुप्लेसी

Text Size:

नयी दिल्ली, 30 अप्रैल (भाषा) फ्रेंचाइजी लीग में भारतीय क्रिकेटरों के आकर्षण पर जोर देते हुए दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डुप्लेसी ने कहा कि उनकी मौजूदगी शुरूआत में यूरोपीय टी20 प्रीमियर लीग (ईटीपीएल) को बढ़ावा दे सकती है, लेकिन लीग की लंबे समय में सफलता लगातार विकास पर निर्भर करेगी।

हमवतन हेनरिक क्लासेन के साथ फ्रेंचाइजी के मालिक के तौर पर कदम रखते हुए डुप्लेसी ने माना कि यह बदलाव अब भी उन्हें अवास्तविक सा लग रहा है।

डुप्लेसी ने पीटीआई को बताया, ‘‘मैं अब भी खुद को एक खिलाड़ी के तौर पर ही देखता हूं और मुझे मैदान पर रहना बहुत पसंद है। इसलिए यह सचमुच बहुत रोमांचक है। यह कुछ ऐसा है जिसका हेनरिक क्लासेन और मैं बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘जब दुनिया भर में इतनी सारी लीग चल रही हों, तो यह जानना सचमुच बहुत जरूरी हो जाता है कि आखिर ऐसी कौन सी चीजें हैं जो आपको किसी लीग का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित करती हैं? ’’

डुप्लेसी ने कहा, ‘‘और यह निश्चित रूप से हम दोनों के लिए कुछ ऐसा है, जिसे देखकर हमें लगता है कि हम इसका हिस्सा बनना चाहते हैं। यह कुछ ऐसा है जिसकी शुरुआत बिल्कुल नए सिरे से हो रही है। यह अभी अपने शुरुआती दौर में है। इसमें अपार संभावनाएं हैं। ’’

मैदान पर अपनी भूमिका स्पष्ट करते हुए, उन्होंने पुष्टि की कि वह टीम की कप्तानी भी करेंगे, ‘‘मैं खेल भी रहा हूं और कप्तानी भी कर रहा हूं। ’’

कप्तानी के साथ मालिक की भूमिका में संतुलन बनाने के सवाल पर डुप्लेसी ने कहा, ‘‘लंबे समय तक कप्तानी करने का, और अपने देश की कप्तानी करने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि आपको एक साथ कई जिम्मेदारियां संभालने की आदत हो जाती है। इसलिए मेरे लिए यह बिल्कुल भी मुश्किल नहीं है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह कुछ ऐसा है जो हमेशा से मेरी शख्सियत का हिस्सा रहा है। मैं अपनी तरफ से कोई कसर नहीं छोड़ता। मैं अपनी और अपनी टीम की क्षमताओं का पूरा इस्तेमाल करने की हर मुमकिन कोशिश करता हूं। ’’

भाषा नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments