हांगझोउ, तीन अक्टूबर (भाषा) अनीषा वर्मा, शिवप्रीत पन्नु और अमन वर्मा की क्वार्टर फाइनल में हार के साथ मंगलवार को यहां एशियाई खेलों की स्पीड क्लाइंबिंग स्पर्धा में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई।
पुरुष स्पीड के क्वार्टर फाइनल में अमन को इंडोनेशिया के वेदरिक लियोनार्डो के खिलाफ 17 सेकेंड के अंतर से हार का सामना करना पड़ा।
इससे पहले अमन क्वालीफिकेशन दौर में 16वें स्थान पर रहते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने में सफल रहे। धीरज दिनकर बिराजदार 20वें स्थान पर रहते हुए अगले दौर में क्वालीफाई करने मे नाकाम रहे।
महिला स्पीड स्पर्धा में अनीषा को चीन की डी न्यु के खिलाफ छह मिनट से अधिक अंतर से हार का सामना करना पड़ा जबकि शिवप्रीत को इंडोनेशिया की राजिया सालसाबिल्लाह ने हराया।
अनीषा और शिवप्रीत ने क्वालीफाइंग दौर में क्रमश: 13वें और 14वें स्थान पर रहते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी।
स्पोर्ट क्लाइंबिंग को 2018 में जकार्ता में एशियाई खेलों में शामिल किया गया और भारत ने अब तक इस खेल में पदक नहीं जीता है।
स्पीड क्लाइंबिंग में सीधी दीवार पर चढ़ना होता है और जो कम समय में ऐसा करता है वह विजेता होता है।
भाषा सुधीर पंत
पंत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
