scorecardresearch
Friday, 3 April, 2026
होमखेलबांग्लादेश के खिलाफ फाइनल में पांचवीं बार सैफ अंडर-20 खिताब जीतने उतरेगा भारत

बांग्लादेश के खिलाफ फाइनल में पांचवीं बार सैफ अंडर-20 खिताब जीतने उतरेगा भारत

Text Size:

माले, दो अप्रैल (भाषा) चार बार का चैंपियन भारत शुक्रवार को यहां राष्ट्रीय स्टेडियम में पुरुषों की अंडर-20 सैफ फुटबॉल चैंपियनशिप के फाइनल में बांग्लादेश से भिड़ेगा तो उसकी नजरें पांचवीं बार खिताब जीतने पर टिकी होंगी।

हाल के समय में दोनों टीम के बीच कड़े मुकाबले हुए हैं जिसमें ग्रुप चरण में 1-1 से ड्रॉ भी शामिल है। ऐसे में इस फाइनल मुकाबले के भी काफी रोमांचक होने की उम्मीद है।

भारत के कोच महेश गवली ने बांग्लादेश से मिलने वाली चुनौती को स्वीकार किया।

गवली ने कहा,‘‘यह आसान नहीं होगा। बांग्लादेश एक आक्रामक और प्रतिभाशाली टीम है तथा हमारे लिए यह मुकाबला कड़ा होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसके अलावा स्टेडियम में उन्हें काफी समर्थन मिलेगा। हमारे खिलाड़ी इसके आदी हैं। हमें बस मैदान पर अपना प्रदर्शन करना है। लेकिन हम अपने लक्ष्य और प्रदर्शन पर ही ध्यान केंद्रित करेंगे।’’

यह मुकाबला पिछले साल की सैफ अंडर-19 चैंपियनशिप के फाइनल की यादें भी ताजा करता है जिसमें भारत ने निर्धारित समय में 1-1 से ड्रॉ रहने के बाद पेनल्टी शूटआउट में बांग्लादेश को हराया था। बांग्लादेश उस परिणाम को पलटने के लिए बेताब होगा।

दोनों टीम के बीच ग्रुप चरण में 28 मार्च को हुआ मुकाबला ड्रॉ रहा था। उस परिणाम ने यह साबित कर दिया था कि दोनों टीमें एक-दूसरे को कितनी कड़ी टक्कर देती हैं।

फाइनल तक पहुंचने का दोनों टीमों का सफर बिल्कुल अलग रहा है। भारत ने सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए भूटान के खिलाफ पांच गोल दागे थे जबकि बांग्लादेश ने नेपाल को 1-0 के करीबी अंतर से हराकर फाइनल में जगह पक्की की।

भारत की आक्रमण की उम्मीदें एक बार फिर ओमांग डोडुम पर टिकी होंगी जो तीन गोल के साथ टूर्नामेंट में संयुक्त रूप से सबसे अधिक गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। विशाल यादव और रोहेन सिंह चाफामयुम ने दो-दो गोल किए हैं और वे भी टीम के लिए काफी अहम साबित हुए हैं।

सबसे अधिक गोल करने वाला खिलाड़ी बनने की दौड़ अभी खुली हुई है और ऐसे में ये तीनों खिलाड़ी अपनी छाप छोड़ने के लिए बेताब होंगे।

भारत के मिडफील्डरों ने टीम की संरचना और गति बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई है जिससे टीम को बचाव और आक्रमण के बीच आसानी से तालमेल बिठाने में मदद मिली है। गोलकीपर सूरज सिंह अहीबम ने भी भरोसेमंद प्रदर्शन किया है।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments