scorecardresearch
Monday, 2 March, 2026
होमखेलबारिश के कारण भारत और पाकिस्तान का मैच रद्द, ईशान और हार्दिक की उम्दा पारियां

बारिश के कारण भारत और पाकिस्तान का मैच रद्द, ईशान और हार्दिक की उम्दा पारियां

Text Size:

पालेकल, दो सितंबर ( भाषा ) हार्दिक पंड्या और ईशान किशन ने शाहीन शाह अफरीदी के दिये शुरूआती झटकों से भारतीय पारी को उबारा लेकिन बारिश के कारण भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार को एशिया कप का मैच रद्द हो गया और दोनों टीमों ने अंक बांटे ।

भारतीय टीम 48 . 5 ओवर में 266 रन पर आउट हो गई थी । ईशान ने 81 गेंद में 82 और पंड्या ने 90 गेंद में 87 रन बनाये । दोनों ने पांचवें विकेट के लिये 141 गेंद में 138 रन की साझेदारी करके टीम को मजबूत स्कोर दिया ।

इस मैच के बाद पाकिस्तान ग्रुप ए में तीन अंक लेकर शीर्ष पर है और उसका सुपर फोर में पहुंचना भी तय हो गया । भारतीय टीम का यह पहला मैच था और उसके एक ही अंक है । उसे सोमवार को नेपाल से खेलना है जिसमें जीतने पर वह भी सुपर फोर में पहुंच जायेगा ।

मैच रद्द होने से भले ही प्रशंसकों को निराशा हुई हो लेकिन दोनों टीमों के लिये इसमें कुछ बातें सकारात्मक भी रही । भारत के लिये ईशान और पंड्या की पारी और पाकिस्तान के लिये उसके तेज गेंदबाजों शाहीन शाह अफरीदी, हारिस रऊफ और नसीम शाह का प्रदर्शन काबिले तारीफ था ।

अफरीदी और हारिस रऊफ ने मिलकर भारत के शीर्षक्रम के चार विकेट 14 . 1 ओवर में 66 रन पर निकाल दिये थे ।

आम तौर पर बड़े शॉट खेलने वाले ईशान और पंड्या दोनों को पाकिस्तान के तूफानी तेज आक्रमण का सामना करने के लिये संयम के साथ खेलना पड़ा । उन्होंने शॉट्स के चयन में सावधानी बरतनी पड़ी ताकि विकेट सुरक्षित रहें ।

अफरीदी ने 35 रन देकर चार विकेट लिये जबकि रऊफ ने 58 रन देकर तीन विकेट निकाले । नसीम शाह को भी तीन विकेट मिले ।

बड़े स्ट्रोक्स खेलना आसान नहीं था तो पंड्या और किशन ने इक्के दुक्के रन लेकर पारी को आगे बढाया । भारत के 50 रन सिर्फ 52 गेंद में पूरे हुए ।

साझेदारी की शुरूआत में ईशान आक्रामक थे तो पंड्या उनके सहयोगी की भूमिका निभा रहे थे । ईशान पहली बार चौथे नंबर से नीचे बल्लेबाजी के लिये आये लेकिन तनिक भी विचलित नहीं दिखे।

पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम ने अपने स्पिनरों शादाब खान, मोहम्मद नवाज और सलमान आगा को भी लंबे स्पैल दिये जिससे ईशान को क्रीज पर जमने में सुविधा हुई ।

उन्होंने अपना अर्धशतक सिर्फ 54 गेंद में पूरा किया और शतक की ओर बढते दिख रहे थे । लेकिन रऊफ को ऊंचा पूल शॉट खेलने के प्रयास में सर्कल के भीतर बाबर को कैच दे बैठे । उनकी पारी से हालांकि मध्यक्रम में सही संयोजन तलाश रहे भारतीय टीम प्रबंधन ने राहत की सांस ली होगी ।

ईशान के आउट होने के बाद पंड्या ने भारतीय पारी का दारोमदार संभाला । उन्होंने मिडविकेट पर नवाज को गगनभेदी छक्का जड़ा ।

अफरीदी ने हालांकि धीमी गेंद पर उन्हें एक्स्ट्रा कवर में सलमान के हाथों लपकवाया ।

इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने भारत को 250 के पार पहुंचाया । भारतीय पारी का अंत होते ही बारिश फिर शुरू हो गई ।

भाषा

मोना

मोना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments