scorecardresearch
Thursday, 2 April, 2026
होमखेलभारत ने बिली जीन किंग कप की तैयारी शुरू की, लक्ष्य एक बार फिर प्ले ऑफ में जगह बनाना

भारत ने बिली जीन किंग कप की तैयारी शुरू की, लक्ष्य एक बार फिर प्ले ऑफ में जगह बनाना

Text Size:

(हिमांक नेगी)

नयी दिल्ली, दो अप्रैल (भाषा) भारत ने राष्ट्रीय राजधानी में होने वाले आगामी बिली जीन किंग कप एशिया/ओसियाना ग्रुप एक टेनिस टूर्नामेंट के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं और कप्तान विशाल उप्पल ने एक संतुलित टीम पर भरोसा जताया है जिसमें अनुभवी खिलाड़ियों और युवाओं का अच्छा मिश्रण है।

टीम इस सप्ताह की शुरुआत में दिल्ली में एकत्रित हुई जिससे कि सात से 11 अप्रैल तक होने वाले टूर्नामेंट से पहले यहां की परिस्थितियों से तालमेल बैठा सके। उप्पल ने समय से तैयारी करने के महत्व पर जोर दिया।

उप्पल ने ‘पीटीआई वीडियोज’ से कहा, ‘‘हम अभी-अभी दिल्ली पहुंचे हैं… और सात अप्रैल को हम कोर्ट में उतरकर भारत के लिए चुनौती पेश करने को तैयार रहेंगे। हमें पूरी उम्मीद है कि दिल्ली के लोग बड़ी संख्या में आकर भरतीय टीम का समर्थन करेंगे।’’

भारत पिछले साल प्ले ऑफ में पहुंचा था लेकिन उससे आगे बढ़ने में नाकाम रहा। पिछले साल के अभियान को याद करते हुए उप्पल ने सामूहिक प्रयास की जरूरत पर जोर दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘टेनिस व्यक्तिगत खेल है लेकिन यहां यह एक टीम प्रयास होना चाहिए। इस साल हम सभी को अपनी-अपनी भूमिका निभानी होगी और हर दिन पूरी लगन और मेहनत से खेलना होगा।’’

भारत के हाल के प्रदर्शन में महिला टेनिस में लगातार हो रही प्रगति साफ नजर आती है। 2020 से पहले 42 साल तक कोई सफलता नहीं मिलने के बाद पिछले छह साल में टीम दो बार विश्व ग्रुप प्ले ऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी है।

टीम में कुछ नए चेहरे भी शामिल हैं जिनमें पदार्पण कर रहीं वैष्णवी अडकर भी हैं। उन्होंने 2025-26 सत्र में घरेलू सर्किट में अपने प्रदर्शन से सबको प्रभावित किया है। उन्होंने कई आईटीएफ टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया है और रैंकिंग में लगातार सुधार करते हुए शीर्ष 600 खिलाड़ियों में पहुंच गई हैं।

वैष्णवी ने कहा, ‘‘मैं पहली बार टीम का हिस्सा हूं और यह मेरे लिए एक बहुत बड़ा अवसर है। देश का प्रतिनिधित्व करना गर्व की बात है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमने हर दिन दो अभ्यास सत्र किए हैं जिससे कि यहां की परिस्थितियों, कोर्ट और गेंदों से तालमेल बैठा सकें। टीम का मनोबल इस समय बहुत ऊंचा है।’’

भारत की तीसरे नंबर की खिलाड़ी वैदेही चौधरी ने 2025-26 सत्र में एक आईटीएफ खिताब जीतने के अलावा कई बार सेमीफाइनल में जगह बनाई जिससे वह डब्ल्यूटीए 450वें स्थान के आसपास हैं। उन्होंने बताया कि टीम का लक्ष्य एक बार फिर प्ले ऑफ में जगह बनाना है।

वैदेही ने कहा, ‘‘हमारी टीम हमेशा से मजबूत रही है। हम हर मैच जीतने की कोशिश करेंगे और प्ले ऑफ पहुंचने के लिए अपना पूरा जोर लगा देंगे।’’

पिछले साल लीग चोट के बाद वापसी कर रहीं वैदेही की नजरें शीर्ष 300 खिलाड़ियों में जगह बनाने पर टिकी हैं जिससे कि ग्रैंडस्लैम के क्वालीफाइंग टूर्नामेंट में खेल सकें।

चोट की चिंताओं के बाद युगल पर ध्यान देने वाली अनुभवी खिलाड़ी ऋतुजा भोसले ने 2025-26 सत्र में दो आईटीएफ युगल खिताब जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने भी टीम के इरादों को दोहराया।

ऋतुजा ने कहा, ‘‘पिछले छह महीने बहुत मुश्किल थे। हमने पूरी तरह से युगल पर ध्यान देने का फैसला किया क्योंकि यह मेरे शरीर के लिए अधिक सही था। लेकिन युगल में भी देश का प्रतिनिधित्व करना एक गर्व की बात है।’’

सहजा यमलापल्ली ने 2025-26 सत्र में अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग हासिल की। उन्होंने टीम की एकता के महत्व पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा, ‘‘यह बहुत ही प्रेरणादायक है। हमने पिछले साल प्ले ऑफ में खेलने का अनुभव हासिल किया। हम प्रत्येक अंक के लिए लड़ने और उसी जोश को फिर से वापस लाने के लिए तैयार हैं।’’

टीम में अनुभवी खिलाड़ी अंकिता रैना और उभरती हुई खिलाड़ी श्रीवल्ली भामिदीपति भी शामिल हैं।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments