ढाका, 17 नवंबर (भाषा) भारत ने मंगलवार को रोमांचक फाइनल में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 2-1 से हराकर रिकॉर्ड 10वीं बार दक्षिण एशियाई फुटबॉल महासंघ (सैफ) चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। इसके साथ ही दूसरे दर्जे की टीम उतारने के बावजूद भारत ने लगातार तीसरी बार यह खिताब जीतकर हैट्रिक पूरी की।
पाकिस्तान ने पहले हाफ के इंजरी टाइम में आलमगीर गाजी (45+एक मिनट) के गोल की मदद से बढ़त बना ली थी।
भारत ने हालांकि दूसरे हाफ में दो गोल दागकर मुकाबले का पासा पलट दिया। पाकिस्तान को 59वें मिनट में एक खिलाड़ी के बाहर होने के कारण 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा जिसका फायदा भारतीय टीम ने उठाया।
भारत की ओर से सुहैल अहमद भट ने 60वें मिनट में बराबरी का गोल दागा जबकि संदीप नंदी ने 88वें मिनट में गोल करके टीम की जीत सुनिश्चित की।
पाकिस्तान ने पहले हाफ के इंजरी टाइम में गाजी के शानदार गोल की बदौलत खाता खोला। उन्होंने दाएं पैर से बेहतरीन शॉट लगाकर गेंद को गोल में पहुंचाया। भारतीय गोलकीपर को बचाव का कोई मौका नहीं मिला।
जुनैद शाह ने बाईं ओर से क्रॉस दिया जो भारतीय खिलाड़ी से हल्का सा टकराने के बाद बॉक्स के बीच में मौजूद गाजी के पास पहुंचा। गाजी ने शानदार फिनिश के साथ गेंद को गोल में पहुंचा दिया।
इससे पहले 35वें मिनट के आसपास भारत ने विपक्षी टीम के पेनल्टी बॉक्स में कई अच्छे मौके बनाए थे लेकिन टीम उन्हें गोल में नहीं बदल सकी।
पहले हाफ के शुरुआती 30 मिनट में पाकिस्तान का दबदबा रहा। उसने नौ शॉट लगाए जिनमें से दो निशाने पर रहे। इसके मुकाबले भारत केवल दो शॉट लगा सका और इनमें से कोई भी निशाने पर नहीं था।
भारत ने 60वें मिनट में बराबरी हासिल की। इससे तीन मिनट पहले पाकिस्तान के जुनैद शाह को ब्राइसन फर्नांडिस पर खतरनाक टैकल करने के कारण सीधे लाल कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर कर दिया गया था।
एक अतिरिक्त खिलाड़ी का फायदा उठाते हुए भारत ने बराबरी का गोल दागा। ल्हुंगडिम खैमिनथांग ने फ्री किक पर गेंद बॉक्स में पहुंचाई। मैकार्टन निक्सन ने उसे हल्का सा छुआ और इसके बाद भट ने गेंद को गोल में डाल दिया।
बराबरी का गोल होने और जुनैद शाह के बाहर किए जाने के बाद पाकिस्तान के मुख्य कोच ने टीम में कई बदलाव किए। उन्होंने 64वें मिनट में गाजी और अब्दुल्ला इकबाल को मैदान से बाहर बुलाया।
हालांकि मैच का अंतिम गोल भारत की ओर से आया। नंदी ने 88वें मिनट में गेंद को गोल में पहुंचाकर भारत की जीत और रिकॉर्ड 10वें सैफ खिताब पर मुहर लगा दी।
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.