scorecardresearch
Thursday, 26 February, 2026
होमखेलभारत ने चीन को 7-2 से हराया

भारत ने चीन को 7-2 से हराया

Text Size:

चेन्नई, तीन अगस्त (भाषा) कप्तान हरमनप्रीत सिंह और वरूण कुमार के दो-दो गोल की बदौलत तीन बार के चैंपियन और मेजबान भारत ने एशियाई चैंपियन्स ट्रॉफी (एसीटी) हॉकी टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत गुरुवार को यहां चीन के खिलाफ 7-2 की बड़ी जीत के साथ की।

मेजर राधाकृष्णन स्टेडियम में भारत के लिए कप्तान हरमनप्रीत (पांचवें और आठवें मिनट) और वरूण (19वें और 30वें मिनट) ने पेनल्टी कॉर्नर पर दो-दो गोल दागे जबकि सुखजीत सिंह (15वें मिनट), आकाशदीप सिंह (16वें मिनट) और मनदीप सिंह (40वें मिनट) ने एक-एक गोल किया।

चीन की ओर से दो गोल वेनहुई ई (18वें मिनट) और जेइशेंग गाओ (25वें मिनट) ने किए।

भारत ने मुकाबले की शानदार शुरुआत की। टीम को पांचवें मिनट में ही पेनल्टी कॉर्नर मिला जिसे कप्तान ने गोल में बदलने में कोई गलती नहीं की।

तीन मिनट बाद हरमनप्रीत ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत की बढ़त को दोगुना कर दिया।

भारत को पहले क्वार्टर से ठीक पहले एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला। वरूण के प्रयास को चीन के डिफेंस ने नाकाम किया लेकिन सुखजीत ने रिबाउंड पर गोल दाग दिया।

दूसरे क्वार्टर के दूसरे ही मिनट में आकाशदीप ने मनप्रीत सिंह के पास पर गोल दागकर भारत को 4-0 से आगे किया।

चीन ने हालांकि एक मिनट बाद पलटवार किया और वेनहुई ने भारतीय गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक को पछाड़कर गोल कर दिया।

भारत पर हालांकि इसका कोई असर नहीं पड़ा और वरूण ने पेनल्टी कॉर्नर पर टीम की ओर से पांचवां गोल दागा।

चीन को अपना पहला पेनल्टी कॉर्नर 25वें मिनट में मिला। शुरुआत प्रयास में चीन नाकाम रहा लेकिन रिबाउंड पर गाओ ने गोल कर दिया।

वरूण ने मध्यांतर से ठीक पहले पेनल्टी कॉर्नर पर एक और गोल के साथ स्कोर 6-2 किया।

मनदीप ने तीसरे क्वार्टर में भारत की ओर से सातवां गोल दागा। तीसरे क्वार्टर में अधिक मौके नहीं बने जबकि चौथे क्वार्टर में एक भी गोल नहीं हुआ।

भारत शुक्रवार को जापान से भिड़ेगा।

भाषा सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments