पोखरा (नेपाल), चार फरवरी (भाषा) भारत की अंडर-17 महिला टीम ने बुधवार को यहां सैफ अंडर-19 महिला चैंपियनशिप के अपने अंतिम राउंड-रॉबिन मैच में भूटान को 8-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया जिसमें उसका सामना बांग्लादेश से होगा।
भारत के लिए पर्ल फर्नांडिस (16, 39, 41वें मिनट) ने पहले हाफ में हैट्रिक लगाई जबकि प्रीतिका बर्मन (25, 90वें मिनट) ने भारत के लिए दोनों हाफ में एक-एक गोल किया।
अलीशा लिंगदोह (छठे), अभिस्ता बसनेट (10वें), और दिव्यानी लिंडा (17वें) ने एक-एक गोल किया।
वहीं बांग्लादेश ने दिन के दूसरे मैच में मेजबान नेपाल को 4-0 से हराया।
भारत तालिका में तीन मैच में छह अंक के साथ बांग्लादेश से तीन अंक पीछे दूसरे स्थान पर रहा। मेजबान टीम तीन अंक के साथ तीसरे स्थान पर रही जबकि भूटान बिना किसी अंक के सबसे नीचे रहा।
तालिका में शीर्ष दो टीम भारत और बांग्लादेश अब शनिवार को फाइनल में आमने-सामने होंगी।
भारतीय अंडर-17 टीम एएफसी अंडर-17 महिला एशियाई कप चीन 2026 की तैयारियों के लिए बड़ी आयु वर्ग की सैफ चैंपियनशिप में भाग ले रही है।
प्रीतिका को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
भाषा नमिता सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
