scorecardresearch
Wednesday, 11 March, 2026
होमखेलआईसीसी ने यात्रा व्यवस्था पर आलोचकों पर पलटवार करते हुए कहा, उनके सुझाव अनुपयोगी और गलत

आईसीसी ने यात्रा व्यवस्था पर आलोचकों पर पलटवार करते हुए कहा, उनके सुझाव अनुपयोगी और गलत

Text Size:

दुबई, 11 मार्च (भाषा) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने खाड़ी क्षेत्र में तनाव के कारण टी20 विश्व कप के बाद घर वापस न लौट पाने वाले खिलाड़ियों के प्रति सहानुभूति व्यक्त की और आलोचकों के उन सुझावों को ‘अनुपयोगी और गलत’ करार दिया जिनमें कहा गया है कि खिलाड़ियों की यात्रा व्यवस्था सुरक्षा से इतर अन्य कारणों से प्रभावित थी।

अमेरिका और इजरायल के ईरान पर किए गए हमले के बाद खाड़ी देशों में हवाई क्षेत्र बंद कर दिया गया है, जिससे उड़ानों का कार्यक्रम अस्त-व्यस्त हो गया।

आईसीसी ने कहा कि वह भारत में फंसे खिलाड़ियों विशेषकर वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ियों के प्रति सहानुभूति रखती है लेकिन स्पष्ट किया कि वैकल्पिक यात्रा मार्गो की योजना तैयार करते समय खिलाड़ियों की सुरक्षा और हितों को ध्यान में रखा जा रहा है।

आईसीसी ने यात्रा कार्यक्रम का विवरण देते हुए कहा कि दक्षिण अफ्रीकी टीम बुधवार को स्वदेश रवाना होना शुरू हो गई है तथा उसके ‘‘चार खिलाड़ी और उनके परिवार के पांच सदस्य विमान में सवार हो चुके थे।’’

आईसीसी ने बयान में कहा, ‘‘दक्षिण अफ्रीका की टीम के बाकी 29 सदस्य अगले 24 घंटों में स्वदेश रवाना हो जाएंगे।’’

आईसीसी ने बताया, ‘‘वेस्टइंडीज टीम के नौ सदस्य पहले ही अपने देशों के लिए रवाना हो चुके हैं, जबकि बाकी 16 सदस्यों के लिए अगले 24 घंटों के भीतर भारत से रवाना होने वाली उड़ानों में बुकिंग करा ली गई है।’’

आईसीसी ने वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका की टीमों के लिए मंगलवार को अलग-अलग वाणिज्यिक उड़ानों की बुकिंग की, क्योंकि कोलकाता से उड़ान भरने वाली उनकी चार्टर उड़ान ‘लॉजिस्टिक’ समस्याओं के कारण रद्द कर दी गई थी।

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने आईसीसी की आलोचना की थी, जबकि दक्षिण अफ्रीका के स्टार खिलाड़ी डेविड मिलर ने संकेत दिया कि इंग्लैंड के खिलाड़ियों के लिए बेहतर यात्रा व्यवस्था की गई थी, क्योंकि वे सेमीफाइनल से बाहर होने के एक दिन के भीतर ही रवाना हो गए थे। इससे पहले वेस्टइंडीज के कोच डैरेन सैमी ने आईसीसी से कोई अपडेट न मिलने पर निराशा व्यक्त की थी।

आईसीसी ने किसी का नाम लिए बिना पलटवार किया।

क्रिकेट की विश्व संस्था ने कहा, ‘‘आईसीसी इस बात को पूरी तरह से खारिज करती है कि ये निर्णय सुरक्षा, व्यवहार्यता और खिलाड़ियों के हितों से इतर किसी अन्य कारण से लिए गए हैं। विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्मों पर स्थिति से अनभिज्ञ लोग जो सुझाव दे रहे हैं वे अनुपयोगी और गलत हैं।’’

इसमें आगे कहा गया है, ‘‘दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के मामले में की गई व्यवस्था का इंग्लैंड या किसी अन्य देश के लिए पहले की गई व्यवस्था से कोई लेना देना नहीं है। यह व्यवस्था अलग-अलग परिस्थितियों, मार्ग विकल्पों और अलग-अलग यात्रा स्थितियों पर आधारित थी।’’

दोनों टीमों ने कोलकाता में (वेस्टइंडीज ने सुपर आठ में एक मार्च को और दक्षिण अफ्रीका ने चार मार्च को सेमीफाइनल में) अपने अंतिम मैच खेले। आईसीसी का एयरलाइंस साझेदार एमिरेट्स है और दुबई के हवाई क्षेत्र के बंद होने के कारण वह भी परिचालन करने में असमर्थ हैं।

आईसीसी ने कहा, ‘‘हम समझते हैं कि आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ी, कोच, सहयोगी स्टाफ और उनके परिजन घर लौटने के लिए उत्सुक हैं। उनका अभी तक स्वदेश नहीं लौट पाना वास्तव में निराशाजनक है और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद भी इस निराशा में उनके साथ है।’’

विश्व संस्था ने कहा, ‘‘यह देरी खाड़ी क्षेत्र में चल रहे संकट का सीधा परिणाम है, जिसके कारण अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा में व्यापक और निरंतर व्यवधान उत्पन्न हुआ है। हवाई क्षेत्र का बंद होना, मिसाइल चेतावनी, मार्ग परिवर्तन संबंधी प्रतिबंध के साथ ही वाणिज्यिक और चार्टर उड़ानों का अचानक रद्द होना और पुनर्निर्धारित होना शामिल है। ये परिस्थितियां पूरी तरह से आईसीसी के नियंत्रण से बाहर हैं। इसके कारण यात्रा कार्यक्रम तैयार करना मुश्किल हो गया था और इसमें अधिक समय लगा।’’

आईसीसी ने कहा कि वह खिलाड़ियों की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित करने के लिए टूर ऑपरेटरों और एयरलाइंस के साथ लगातार संपर्क में है।

आईसीसी ने कहा, ‘‘इस पूरी अवधि के दौरान आईसीसी की सर्वोच्च प्राथमिकता सभी प्रभावित लोगों की सुरक्षा और उनके हितों की रक्षा करना रहा है। इनमें अपने जीवनसाथी और छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने वाले खिलाड़ी भी शामिल हैं। जब तक हम यह सुनिश्चित नहीं कर लेते कि यात्रा पूरी तरह से सुरक्षित है, तब तक हम लोगों को स्थानांतरित नहीं करेंगे और हम इसके लिए प्रतिबद्ध हैं।’’

आईसीसी ने संबंधित क्रिकेट बोर्डों और खिलाड़ियों से धैर्य बनाए रखने का भी आग्रह किया, क्योंकि वह खाड़ी में बदलती स्थिति के बीच सर्वोत्तम संभव समाधान निकालने के लिए काम कर रहा है।

आईसीसी ने कहा, ‘‘हमारी टीमें चौबीसों घंटे काम कर रही हैं और परिस्थितियों में हो रहे बदलावों के अनुसार टीम मैनेजरों के साथ लगातार संपर्क में हैं। हम आगे की स्थिति को लेकर आपको अपडेट देते रहेंगे।’’

भाषा

पंत

पंत

पंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments