scorecardresearch
Monday, 16 February, 2026
होमखेलअपनी गेंदबाजी पर लगातार काम कर रहा हूं: चक्रवर्ती

अपनी गेंदबाजी पर लगातार काम कर रहा हूं: चक्रवर्ती

Text Size:

(सुधीर उपाध्याय)

नयी दिल्ली, 13 फरवरी (भाषा) भारत के रहस्यमयी स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप ए मैच में नामीबिया के खिलाफ अपनी फिरकी का जादू चलाने के बाद कहा कि वह अपनी गेंदबाजी में और विविधता लाने के अलावा मौजूदा गेंदों को बिलकुल सटीक बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं।

भारत के 210 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नामीबिया की टीम एक समय 10वें ओवर में दो विकेट पर 86 रन बनाकर अच्छी स्थिति में थी लेकिन चक्रवर्ती (दो ओवर में सात रन पर तीन विकेट) ने उसके मध्यक्रम की रीढ़ तोड़ दी और टीम 116 रन पर सिमट गई।

चक्रवर्ती ने कहा कि उन्होंने अपनी गेंदबाजी में विविधता (वेरिएशन) लाने के अलावा मौजूदा गेंदों को बेहतर करने पर अधिक ध्यान दिया है।

चक्रवर्ती ने बृहस्पतिवार को यहां नामीबिया के खिलाफ भारत की 93 रन की जीत के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैंने अपनी गेंदबाजी के कुछ पहलुओं पर काम किया है जैसे गति, स्पिन और गेंद पर अधिक रोटेशन। लोग वेरिएशन पर भी काम करते हैं लेकिन मैंने अपनी मौजूदा गेंदों को परफेक्ट बनाने पर काम किया जिससे बहुत मदद मिली।’’

चक्रवर्ती ने नामीबिया के खिलाफ लंबे फॉलो थ्रू (गेंद फेंकते हुए आगे की ओर जाना) के साथ गेंदबाजी की और इस स्पिनर ने कहा कि अपनी गेंदों की गति बढ़ाने के लिए उन्होंने ऐसा किया।

इस लेग स्पिनर ने कहा, ‘‘मैंने अपने फॉलो थ्रू पर काम किया जिससे कि मैं विकेट पर अधिक तेजी से गेंद डाल सकूं। मैंने आज पहली ही गेंद गुगली फेंकी जबकि आम तौर पर मैं अपनी स्टॉक गेंद के साथ शुरुआत करता हूं।’’

भारत ने अमेरिका के खिलाफ पहले मैच में और फिर नामीबिया के खिलाफ भी बल्लेबाजों की नाकामी का सामना किया लेकिन चक्रवर्ती का मानना है कि द्विपक्षीय श्रृंखलाओं की तुलना में विकेट थोड़े असमान गति वाले हैं जिससे सामंजस्य बैठाने में समय लगता है।

चक्रवर्ती ने कहा, ‘‘अगर आप हमारे खेले गए मुकाबलों को देखें तो इस विश्व कप से पहले हुए सभी द्विपक्षीय मैच सपाट पिचों पर थे। यह निश्चित रूप से थोड़ा हैरान करने वाला था। पहले मैच का विकेट भी और यह विकेट भी। लेकिन हमें जो भी विकेट मिलता है हमें उसके हिसाब से खुद को ढालना होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आज (बृहस्पतिवार को) भी गेंद थोड़ी नीची रह रही थी लेकिन मैं यह नहीं कहूंगा कि बहुत अधिक टर्न था, लेकिन गेंद नीची रह रही थी।’’

चक्रवर्ती ने साथ ही कहा कि रात के मैच में दूसरी पारी में गेंदबाजी करते हुए ओस की भी भूमिका है और पाकिस्तान के खिलाफ कोलंबो में 15 फरवरी को होने वाले भारत के अगले मैच में भी ऐसा देखने को मिल सकता है।

उन्होंने कहा, ‘‘ओस की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। जब आप दूसरी पारी में गेंदबाजी कर रहे होते हैं और आपको लक्ष्य का बचाव करना होता है तो कभी-कभी यह एक बड़ा मुद्दा होती है। आज भी बहुत ओस थी लेकिन हम अच्छा कर पाए। हम अनुभवी भी हैं क्योंकि हम आईपीएल में बहुत मैच खेलते हैं। हमें पता है कि अगर ओस आती है तो कैसे गेंदबाजी करनी है।’’

चक्रवर्ती के लिए 2021 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ मैच बुरे सपने की तरह रहा था। इस मुकाबलें में भारत को चक्रवर्ती से काफी उम्मीदें थी लेकिन वह एक भी विकेट नहीं चटका पाए और टीम को 10 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।

उस मैच से अब तक अपनी गेंदबाजी में आए बदलाव पर चक्रवर्ती ने कहा, ‘‘मैंने साइड स्पिन की जगह अपनी ओवर स्पिन और विकेट से अधिक गति और जिप पर काम किया है। कुछ वेरिएशन हैं जिन्हें मैं पिछले छह वर्ष से आजमा रहा हूं लेकिन अब भी परफेक्ट नहीं हुए जबकि कुछ काफी जल्दी काम कर जाते हैं। यह गेंद की जटिलता पर निर्भर करता है।’’

चक्रवर्ती ने नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस की भी सराहना की जिन्होंने 20 रन देकर चार विकेट चटकाए और बीच के ओवरों में भारतीय रन गति पर अंकुश लगाया।

चक्रवर्ती ने कहा, ‘‘उन्होंने बहुत रणनीतिक तरीके से गेंदबाजी की। वह बहुत बढ़िया था। मैं देख सकता था कि उन्होंने अपनी गेंदबाजी की योजना कैसे बनाई थी। उन्होंने इस पर काम किया था और काफी सोच-विचार किया था। अगर आप आखिरी चार ओवर देखें तो उनके पास एकदम सही योजना थी। वह अच्छी रिसर्च और योजना के साथ आए।’’

पेट के संक्रमण से जूझ रहे अभिषेक शर्मा के संदर्भ में चक्रवर्ती ने कहा कि यह सलामी बल्लेबाज बेहतर महसूस कर रहा है और उन्हें लगता है कि अगला मैच खेल सकता है।

चक्रवर्ती ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि वह अगला मैच खेलेगा। मुझे उसकी स्थिति के बारे में पूरी तरह नहीं पता। लेकिन मैंने उससे बात की है, वह अच्छी स्थिति में लग रहा है। उसने आज कुछ अभ्यास भी किया। उसने बताया कि वह वापसी की प्रक्रिया में है।’’

चक्रवर्ती ने साथ ही कहा कि वह पाकिस्तान के खिलाफ प्रेमदासा स्टेडियम में कुछ नई गेंदें भी आजमा सकते हैं क्योंकि वहां बाउंड्री लंबी हैं।

भाषा पंत

पंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments