scorecardresearch
Tuesday, 24 February, 2026
होमखेलपहले टेस्ट विकेट पर विराट भाई का गले लगाना सपने जैसा था : मुकेश कुमार

पहले टेस्ट विकेट पर विराट भाई का गले लगाना सपने जैसा था : मुकेश कुमार

Text Size:

पोर्ट आफ स्पेन, 24 जुलाई (भाषा) इतने साल से विराट कोहली के मैदानी कारनामों को विस्मित भाव से देखते आये मुकेश कुमार के लिये यह सपने जैसा था जब उनके पहले विकेट पर भारत के पूर्व कप्तान ने उन्हें गले लगा लिया ।

अपने 30वें जन्मदिन से कुछ महीने पहले ही टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले बिहार के गोपालगंज जिले के मुकेश कुमार पिछले सात साल में बंगाल की अंडर 23 टीम से लेकर भारत ए के लिये खेल चुके हैं ।

मोहम्मद सिराज के साथ बीसीसीआई टीवी से बातचीत में उन्होंने कहा ,‘‘मुझे जब विकेट मिला तो विराट भैया भागकर आये और मुझे गले लगा लिया । मैं किसी और दुनिया में ही चला गया । इतने साल तक टीवी पर जिसे मैं देखता आया, उसने मुझे गले लगाया । अद्भुत अनुभव था ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘जब आप और जेडी (उनादकट) भाई गेंदबाजी कर रहे थे तो रोहित भाई ने कहा था कि इस पिच पर तुरंत विकेट नहीं मिलेंगे । मेहनत करनी पड़ेगी ।’’

मानसिक रूप से वह तैयार था लेकिन जब टीम बैठक में मैच से एक दिन पहले उसे पदार्पण के बारे में बताया गया तो उसे कुछ समय लगा ।

उन्होंने कहा ,‘‘ जब मुझे पता चला कि मैं सच में खेल रहा हूं तो मैं स्तब्ध रह गया । मैं हमेशा से खेलने के लिये तैयार था और इसलिये ही टीम बैठक में गया था । मुझे ऐसा लग रहा था कि शायद मौका मिल सकता है ।’’

मुकेश ने कहा ,‘‘यहां सुबह थी और भारत में शाम हो रही थी । मैं शाम को होटल पहुंचा तो मां से बात की । मैने कहा कि मां मैं देश के लिये खेल रहा हूं । मेरे सभी रिश्तेदार भी बहुत खुश हैं जिन्होंने शुरू से मेरा साथ दिया ।’’

भाषा मोना सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments