scorecardresearch
Thursday, 26 February, 2026
होमखेलहॉकी इंडिया के महासचिव का दावा, लॉस एंजिल्स ओलंपिक में जरूर स्वर्ण पदक जीतेगा भारत

हॉकी इंडिया के महासचिव का दावा, लॉस एंजिल्स ओलंपिक में जरूर स्वर्ण पदक जीतेगा भारत

Text Size:

चेन्नई, पांच अगस्त (भाषा) हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि अगर भारत अगले साल होने वाले पेरिस ओलंपिक में स्वर्ण पदक हासिल करने से चूक जाता है तो वह 2028 में लॉस एंजिल्स में होने वाले ओलंपिक खेलों में जरूर सोने का तमगा जीतेगा।

उन्होंने कहा कि पूर्व भारतीय कप्तान दिलीप टिर्की की अगुवाई वाला हॉकी इंडिया भारतीय हॉकी को फिर से शिखर पर पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा।

भोलानाथ ने पीटीआई से कहा,‘‘ मेरी हॉकी के लिए कुछ बड़ी योजनाएं हैं। हम हॉकी इंडिया में बदलाव करने के लिए अपनी तरफ से हर संभव प्रयास करेंगे।’’

उन्होंने कहा,‘‘ मैं आपको आश्वस्त करना चाहता हूं कि अगर पेरिस ओलंपिक में नहीं तो लॉस एंजिल्स ओलंपिक में भारत जरूर स्वर्ण पदक जीतेगा।’’

भोलानाथ ने कहा कि भारतीय हॉकी की खोई प्रतिष्ठा हासिल करने के लिए हॉकी इंडिया प्रतिभाओं का बड़ा पूल तैयार करने पर काम कर रहा है।

उन्होंने कहा,‘‘ जहां तक पुरुष और महिला वर्ग दोनों में जूनियर टीमों का सवाल है तो उन्हें भी सीनियर टीमों की तरह सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी, जिनमें अंतरराष्ट्रीय कोच भी शामिल है। हम अगले दो महीने में इन्हें लागू करना चाहते हैं। इसके अलावा हमारी अपनी जूनियर टीमों के लिए निचले स्तर पर भी कुछ योजनाएं हैं।’’

उन्होंने कहा,‘‘ जूनियर टीमों के लिए अभी तक अंडर 17 और अंडर 18 वर्ग में राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं होती रही है लेकिन अब वह विश्व की चोटी की टीमों के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे। जूनियर स्तर पर चुने गए खिलाड़ियों का राउरकेला में 20 अगस्त से राष्ट्रीय शिविर आयोजित किया जाएगा।’’

भाषा पंत आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments