scorecardresearch
Thursday, 5 February, 2026
होमखेलहॉकी इंडिया ने राज्यों, इकाइयों और अकादमियों को आठ करोड़ रुपये से अधिक के उपकरण बांटे

हॉकी इंडिया ने राज्यों, इकाइयों और अकादमियों को आठ करोड़ रुपये से अधिक के उपकरण बांटे

Text Size:

नयी दिल्ली, छह जुलाई (भाषा) जमीनी स्तर पर खेल को बढ़ावा देने की कवायद के तहत हॉकी इंडिया ने देश भर में राज्य संघों, सदस्य इकाइयों और अकादमियों को 11000 से अधिक हॉकी स्टिक, 3300 गेंद और सुरक्षा उपकरण वितरित किए जिनकी कीमत आठ करोड़ रुपये है।

यह पहल ‘हॉकी इंडिया का अभिमान हर घर हो हॉकी की पहचान’ कार्यक्रम का हिस्सा है जिसका लक्ष्य जमीनी स्तर पर खेल का विकास करना ही नहीं बल्कि वंचित तबके के बच्चों को खेल से जुड़ने के लिए प्रेरित करना भी है।

सभी राज्य संघों, सदस्य इकाइयों के अलावा राउंडग्लास पंजाब हॉकी क्लब, ध्यानचंद हॉकी अकादमी, रिपब्लिकन स्पोर्ट्स क्लब, नवल टाटा हॉकी अकादमी जमशेदपुर, हिम अकादमी और माता साहिब कौर हॉकी अकादमी जैसी अकादमियों को इस कार्यक्रम के तहत फायदा मिला है।

राज्य और सदस्य इकाइयों ने अपने संबंधित जिलों में सामान का वितरण किया।

इस पहल के बारे में बात करते हुए हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने कहा, ‘‘यह अभियान भारत में हॉकी के विकास के लिए एक मजबूत नींव बनाने के हमारे दृष्टिकोण के अनुरूप है।’’

उन्होंने कहा,‘‘युवा खिलाड़ियों को स्तरीय हॉकी स्टिक, गेंद और खेल सुरक्षा उपकरण देकर हमारा लक्ष्य एक ऐसा वातावरण तैयार करना है जो उन्हें आगे बढ़ने और अपनी पूरी क्षमता तक पहुंचने में सक्षम बनाएगा।’’

भाषा सुधीर मोना

मोना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments