scorecardresearch
Monday, 23 March, 2026
होमखेलहेटमायर तीसरे नंबर पर बहुत खतरनाक हैं: होप

हेटमायर तीसरे नंबर पर बहुत खतरनाक हैं: होप

Text Size:

कोलकाता, सात फरवरी (भाषा) वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने शनिवार को यहां आईसीसी टी20 विश्व कप में स्कॉटलैंड के खिलाफ 35 रन की शानदार जीत के बाद कहा कि शिमरोन हेटमायर को तीसरे नंबर पर प्रमोट करने का फायदा मिल रहा है।

होप ने कहा कि हेटमायर की बल्लेबाजी की स्वच्छंदता उन्हें बहुत खतरनाक क्रिकेटर बनाती है।

दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज ने 58 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे लेकिन टीम इसके बाद पांच विकेट पर 182 रन तक पहुंच गई जिसमें हेटमायर की 36 गेंद में 64 रन की विस्फोटक पारी शामिल थी। उनकी पारी में छह छक्के और दो चौके थे।

जीत के बाद होप ने कहा, ‘‘जब वह आए थे, तब भी वह उतने ही रोमांचक और खतरनाक थे। ’’

होप ने कहा, ‘‘अब उनके पास जो अनुभव है, उसके साथ वह जिस आजादी से खेल रहे हैं, मुझे लगता है कि वह इस पूरे टूर्नामेंट में बहुत खतरनाक क्रिकेटर साबित होंगे। हमें उनकी जरूरत है। ’’

हाल में दक्षिण अफ्रीका श्रृंखला के दौरान हेटमायर की भूमिका बदल गई है क्योंकि अब उन्हें तीसरे नंबर पर प्रमोट किया गया। इस कदम से अच्छे नतीजे मिले और उन्होंने कई 40 से ज्यादा के स्कोर बनाए।

होप ने कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि उसने चुनौती स्वीकार की और यह देखकर बहुत अच्छा लगा कि वह वैसे ही खेल रहा है जैसे वह आम तौर पर खेलता है। ’’

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments