नयी दिल्ली, 30 अप्रैल (भाषा) हरियाणा ने अंडर-17 राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप 2026 में अपना दबदबा कायम करते हुए महिला कुश्ती और फ्रीस्टाइल दोनों स्पर्धाओं में शीर्ष स्थान हासिल किया जबकि बृहस्पतिवार को समाप्त हुई तीन दिवसीय प्रतियोगिता में सेना खेल नियंत्रण बोर्ड (एसएससीबी) ने ग्रीको रोमन प्रारूप में बढ़त बनाई।
हरियाणा ने 215 अंक के साथ महिला कुश्ती का खिताब जीता और 205 अंक के साथ फ्रीस्टाइल में भी शीर्ष पर रहा। छत्रपति संभाजी नगर (औरंगाबाद) में आयोजित इस प्रतियोगिता में एसएससीबी ने ग्रीको रोमन में अपना वर्चस्व दिखाते हुए 136 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया।
केरल, दिल्ली, तेलंगाना, कर्नाटक और जम्मू-कश्मीर भी पदक जीतने वालों में शामिल रहे।
महिला कुश्ती में कस्तूरी सहदेव (महाराष्ट्र) ने 40 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीता जबकि दीक्षा (हरियाणा), रोहिणी (महाराष्ट्र) और निकिता (हरियाणा) ने क्रमशः 43 किग्रा, 46 किग्रा और 49 किग्रा वर्ग में शीर्ष स्थान हासिल किया।
हरियाणा के लिए साक्षी (57 किग्रा), मनीषा (61 किग्रा), तानिया (69 किग्रा) और गरिमा (73 किग्रा) ने स्वर्ण पदक जीते। अक्षरा (दिल्ली, 53 किग्रा) और सृष्टि (महाराष्ट्र, 65 किग्रा) अन्य विजेताओं में शामिल रहीं।
फ्रीस्टाइल में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला जिसमें हरियाणा पदक तालिका में सबसे आगे रहा। अभिनव (45 किग्रा), साहिल (55 किग्रा), अनुज (71 किग्रा) और आरुष राणा (110 किग्रा) ने राज्य के लिए स्वर्ण पदक हासिल किए।
अन्य विजेताओं में आर्यन (उत्तर प्रदेश, 48 किग्रा), प्रणव सुधीर घारे (एसएससीबी, 51 किग्रा), अनुराग (दिल्ली, 60 किग्रा), पवन (महाराष्ट्र, 65 किग्रा), लक्ष्य ठाकरान (दिल्ली, 80 किग्रा) और दीपांशु दहिया (दिल्ली, 92 किग्रा) शामिल थे।
ग्रीको रोमन में एसएससीबी का दबदबा रहा। एसएससीबी के लिए सुमित कुमार (45 किग्रा), यश काशीनाथ कामना (48 किग्रा), धीरज शशिकांत डफले (51 किग्रा), प्रथमेश सूर्यकांत पाटिल (55 किग्रा) और कृष्णराज इंग्वे (60 किग्रा) ने स्वर्ण पदक जीतने। अन्य स्वर्ण पदक विजेताओं में कुणाल डागर (दिल्ली), परनाम सिंह (पंजाब), गौरव (महाराष्ट्र), हमानंत वाइटल केम्पन्ना (कर्नाटक) और रुद्र (महाराष्ट्र) शामिल रहे।
भाषा
सुधीर नमिता
नमिता
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.