scorecardresearch
Wednesday, 22 April, 2026
होमखेलधीमी पिच से सामंजस्य बिठाने के लिए योजना बदलनी पड़ी: अभिषेक

धीमी पिच से सामंजस्य बिठाने के लिए योजना बदलनी पड़ी: अभिषेक

Text Size:

हैदराबाद, 21 अप्रैल (भाषा) दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ नाबाद 135 रन की पारी के साथ सनराइजर्स हैदराबाद की बड़ी जीत के नायक रहे अभिषेक शर्मा ने मंगलवार को यहां कहा कि पिच पर गेंद थोड़ी धीमी आ रही थी जिससे पावरप्ले में टीम को अपनी योजना बदलनी पड़ी।

सनराइजर्स ने दो विकेट पर 242 रन बनाने के बाद दिल्ली कैपिटल्स को नौ विकेट पर 195 रन पर रोक दिया।

अभिषेक ने 68 गेंद की नाबाद पारी में 10 चौके और इतने ही छक्के लगाये।

‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अभिषेक ने मैच के बाद पुरस्कार समारोह में कहा, “जिस तरह से हमने शुरुआत की थी, उसके लिए हमारे पास एक योजना थी। हम पावरप्ले का इस्तेमाल करना चाहते थे, लेकिन विकेट थोड़ा धीमा था, इसलिए हमें अपनी रणनीति बदलनी पड़ी।”

उन्होंने खुद को अपने तरीके से खेलने की छूट देने के लिए टीम प्रबंधन का धन्यवाद करते हुए कहा, “मुझे यहां खेलना और दर्शकों का मनोरंजन करना बहुत पसंद है। टीम के कोच और कप्तान को विशेष धन्यवाद, क्योंकि वे हमें खुद को व्यक्त करने की आजादी देते हैं।”

उन्होंने टीम के माहौल की सराहना करते हुए कहा, “2024 से सनराइजर्स हैदराबाद में जो माहौल मिला है, वह हमारे लिए ‘गेमचेंजर’ रहा है। मैं हमेशा से इसी तरह खेलना चाहता था, पंजाब के लिए भी ऐसा ही खेलना चाहता हूं। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलना हमेशा ऐसा ही महसूस होता है।”

शतक के बाद अपने जश्न के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “मैं यह ‘एल सेलिब्रेशन’ लंबे समय से कर रहा हूं, यह सिर्फ उस प्यार के लिए है जो हमें स्टेडियम से मिलता है।”

भाषा आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments