नयी दिल्ली, 15 सितंबर (भाषा) ग्रेटर नोएडा में बुद्ध अंतरराष्ट्रीय सर्किट (बीआईसी) रेस ट्रैक को 24 सितंबर को देश की पहली ‘मोटोजीपी रेस – द ग्रैंड प्रिक्स ऑफ इंडिया’ की मेजबानी के लिए एफआईएम (दोपहिया वाहनों के अंतरराष्ट्रीय मोटरस्पोर्ट्स निकाय) से हर तरह की मंजूरी मिल गई है।
इस स्थल ने 2011 से 2013 तक फार्मूला वन रेस की मेजबानी की थी और फार्मूला वन के बाद यह इस ट्रैक पर सबसे बड़ा मोटरस्पोर्ट्स कार्यक्रम होगा।
कार्यक्रम के आयोजक फेयरस्ट्रीट स्पोर्ट्स (मोटोजीपी भारत) के मुख्य विपणन अधिकारी (सीएमओ) रोहित शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि सभी औपचारिकताएं गुरुवार को पूरी हो गईं और लगभग 3,000 रेस मैनेजमेंट क्रू (रेस से जुड़े काम करने वाले लोग) कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए काम करेंगे।
शर्मा ने कहा, ‘‘एफआईएम (फेडरेशन इंटरनेशनेल डी मोटोसाइक्लिज्म) के अधिकारी कल यहां आये थे और उन्होंने ट्रैक को मंजूरी दे दी है। ट्रैक को मोटो रेस के मुताबिक ढालने का काम पूरा हो गया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ इस ट्रैक का निर्माण फार्मूला वन रेस को ध्यान में रख कर हुआ था और इसे मोटो रेस के मुताबिक ढालने के लिए काफी बदलाव करने पड़े।’’
उन्होंने कहा कि रेस के सबसे कम दाम के टिकट (800 रुपये) पूरी तरह से बिक गये हैं जबकि अन्य टिकट भी की बिक्री भी तेजी से हो रही है।
उन्होने कहा, ‘‘ 800 रूपये वाले टिकट पूरी तरह से बिक गये है। 2500 रुपये वाले टिकट भी खत्म होने के कगार पर है। पांच हजार और 20,000 रुपये के टिकट के आम तौर पर आखिरी 10 दिनों में बिकते हैं।’’
‘ग्रांप्री ऑफ इंडिया’ का आयोजन 22 से 24 सितंबर तक होगा। इसमें मुख्य रेस 24 सितंबर को होगी।
भाषा आनन्द पंत
पंत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
