वडोदरा, 14 फरवरी (भाषा) कप्तान एशले गार्डनर और अनुभवी बेथ मूनी के अर्धशतकों की मदद से गुजरात जाइंट्स ने महिला प्रीमियर लीग के पहले मैच में शुक्रवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ पांच विकेट पर 201 रन बनाये ।
मूनी ने 42 गेंद में आठ चौकों की मदद से 56 रन बनाये जबकि गार्डनर ने 37 गेंद में 79 रन की नाबाद पारी खेली जिसमें तीन चौके और आठ छक्के शामिल थे । इससे पहले गत चैम्पियन आरसीबी की कप्तान स्मृति मंधाना ने टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया ।
स्कोर बोर्ड पर जब 41 रन टंगे थे तब लौरा वोल्वार्ट और डी हेमलता पवेलियन लौट गए लेकिन गार्डनर और मूनी ने टीम को इन झटकों से निकाला ।
आस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिये 44 रन जोड़े । मूनी को लेग स्पिनर प्रेमा रावत ने आउट किया जिनका कैच मंधाना ने लपका ।
गार्डनर ने इसके बाद वेस्टइंडीज की डिएंड्रा डोटिन ( 13 गेंद में 25 रन ) के साथ पांच ओवर में 67 रन जोड़े ।डोटिन ने अपनी आक्रामक पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया ।
महिलाओं की एशेज श्रृंखला से ही शानदार फॉर्म में चल रही गार्डनर ने प्रेमा और भारत की अंडर 19 तेज गेंदबाज वीजे जोशिता को एक ओवर में तीन छक्के लगाये ।
डोटिन को तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर ने आउट किया लेकिन तब तक गुजरात की टीम बड़ा स्कोर बना चुकी थी । रेणुका ने 25 रन देकर दो विकेट लिये ।
भाषा मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
