(तस्वीरों के साथ)
कोलकाता, चार मार्च (भाषा) फिन एलेन के रिकॉर्ड 33 गेंद में नाबाद शतक की मदद से न्यूजीलैंड ने इस टी20 विश्व कप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को बुधवार को नौ विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया ।
तीन सप्ताह बाद कोलकाता नाइट राइडर्स के लिये आईपीएल में खेलने जा रहे एलेन ने अपनी पारी में 10 चौके और आठ छक्के लगाकर न्यूजीलैंड को 170 रन के लक्ष्य तक सिर्फ 12 . 5 ओवर में पहुंचा दिया ।
टी20 विश्व कप के सबसे तेज शतक में ईडन गार्डंस पर होली के दिन बल्ले से आतिशबाजी देखने को मिली ।
दक्षिण अफ्रीका के लिये अर्धशतक बनाने वाले मार्को यानसेन ने 2 . 5 ओवर में 53 रन दे डाले और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला ।
मिचेल सेंटनेर की कप्तानी वाली कीवी टीम ने बेहतरीन स्पिन गेंदबाजी का नमूना पेश करते हुए दक्षिण अफ्रीका को आठ विकेट पर 169 रन पर रोक दिया । आफ स्पिनर कोल मैकोंची ( एक ओवर में नौ रन देकर दो विकेट ) और बायें हाथ के स्पिनर रचिन रविंद्र (चार ओवर में 29 रन देकर दो विकेट ) ने कहर बरपाती हुई गेंदबाजी करके दक्षिण अफ्रीका के शीर्ष क्रम को झकझोर दिया ।
जवाब में एलेन और टिम सीफर्ट ( 33 गेंद में 58 रन ) ने नौ ओवर में 117 रन की साझेदारी करके न्यूजीलैंड को 2021 के बाद दूसरी बार फाइनल में पहुंचाया ।
भारत अगर बृहस्पतिवार को इंग्लैंड को हरा देता है तो यह फाइनल पिछले साल की चैम्पियंस ट्रॉफी के फाइनल का दोहराव होगा ।
एलेन और सीफर्ट ने पावरप्ले के छह ओवरों में 84 रन बना डाले । एलेन ने 19 गेंद में पहला पचासा और 14 गेंद में दूसरा पूरा किया ।
इससे पहले यानसेन के 30 गेंद में नाबाद 55 रन की मदद से दक्षिण अफ्रीका ने शुरूआती झटकों से उबरते हुए आठ विकेट पर 169 रन बनाये ।
दक्षिण अफ्रीका ने 11वें ओवर में पांच विकेट 77 रन पर गंवा दिये थे । इसके बाद यानसेन और ट्रिस्टन स्टब्स ( 24 गेंद में 29 रन ) ने पारी को संभाला । दोनों ने छठे विकेट के लिये 73 रन जोड़े ।
पारी के आगे बढने के साथ ही ओस की भूमिका अहम हो गई और स्ट्रोक्स खेलना आसान लगने लगा ।
दुनिया के सर्वश्रेष्ठ हरफनमौलाओं में शामिल यानसेन ने अपनी पारी में पांच छक्के लगाये और अधिकांश छक्के दर्शक दीर्घा की 15वीं पंक्ति के पार गए जिससे उनके दमखम और टाइमिंग का पता चलता है ।
उन्होंने 19वें ओवर में लॉकी फर्ग्युसन को दो छक्के लगाये ।
पहले गेंदबाजी चुनने वाली न्यूजीलैंड टीम के कप्तान मिचेल सेंटनेर ने दूसरे ओवर में आफ स्पिनर मैकोंची को गेंद सौंपी जिन्होंने मैच में एक ही ओवर डाला लेकिन क्विंटोन डिकॉक (10) और रियान रिकेलटन (0) को लगातार दो गेंदों पर आउट किया ।
डेवाल्ड ब्रेविस ने 27 गेंद में 34 रन बनाये लेकिन वह अच्छी शुरूआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके । उन्हें जेम्स नीशाम ने आउट किया ।
रविंद्र ने एडेन माक्ररम (18) और डेविड मिलर (छह) को पवेलियन भेजा । ब्रेविस के आउट होने के समय न्यूजीलैंड का स्कोर पांच विकेट पर 77 रन था ।
दक्षिण अफ्रीका टीम ने आखिरी दो ओवर में विकेट गंवाये और 175 रन के पार नहीं पहुंच सकी ।
भाषा
मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
